ख़बर का असर

Home » उत्तर प्रदेश » ‘दोस्ती से प्यार और फिर…’ मुरादाबाद में दो युवतियों ने मंदिर में रचाई शादी, मांग भर खाई साथ रहने की कसमे

‘दोस्ती से प्यार और फिर…’ मुरादाबाद में दो युवतियों ने मंदिर में रचाई शादी, मांग भर खाई साथ रहने की कसमे

Moradabad news

UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे जिले में चर्चा को जन्म दे दिया है। यहां भगतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने रामपुर की एक अन्य युवती से आपसी सहमति के आधार पर शादी कर ली। दोनों युवतियों ने न केवल साथ रहने की इच्छा जताई है, बल्कि पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है।

अब जानें पूरा मामला…

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के भगतपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती कुछ समय पहले अपनी बुआ के घर रामपुर गई थी। इस बीच बुआ के घर के सामने रहने वाली एक युवती से उसकी पहचान हुई। यह पहचान धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच गहरा लगाव हो गया। दोनों युवतियां लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थीं और साथ जीवन बिताने का निर्णय ले चुकी थीं। बताया जा रहा है कि 31 जनवरी को दोनों युवतियों ने एक-दूसरे की मांग भरकर शादी कर ली और साथ रहने लगीं। जब दोनों युवतियां अपने-अपने घरों से संपर्क में नहीं रहीं, तो परिजनों ने उन्हें तलाशना शुरू किया। बाद में दोनों परिवारों ने संबंधित थानों में युवतियों के लापता होने की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

अपनी मर्जी से की शादी

पुलिस द्वारा युवतियों को बरामद किए जाने के बाद उन्हें थाने लाया गया, जहां दोनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। युवतियों ने पुलिस को बताया कि वे एक-दूसरे के साथ रहना चाहती हैं और उन्हें किसी तरह का कोई दबाव नहीं है। साथ ही उन्होंने संभावित पारिवारिक विरोध को देखते हुए सुरक्षा की मांग भी की। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को मुरादाबाद स्थित वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, जहां उन्हें अस्थायी संरक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही दोनों युवतियों के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए।

वहीं इस मामले में मुरादाबाद के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि थाना भगतपुर के बेरखेड़ा गांव से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो युवतियां एक साथ घर से चली गई हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज की गई थी। बाद में युवतियों को बरामद कर उनके बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए हैं। अब न्यायालय के निर्देशों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ग्रामीण ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस इस मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है और युवतियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Report By: BP Upadhyay

ये भी पढ़े… ‘माफिया के लिए खौफ, बच्चों के लिए अपने’ मासूमियत के आगे पिघल जाते है CM योगी, पढ़े बेटियों से जुड़ी कुछ कहानियां…

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

Khabar India YouTubekhabar india YouTube poster

राशिफल