UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर प्रदेशभर में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत अमरोहा जनपद में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद के निर्देशन में महिला सुरक्षा दल द्वारा थाना नगर एवं थाना देहात क्षेत्रों में तैनात शक्ति दीदी एवं बीट आरक्षियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया और सुरक्षा संबंधी पर्चे वितरित किए।

इस दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान किया जा सके और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया जा सके। अधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में इस तरह के अभियान और अधिक प्रभावी रूप से चलाए जाएंगे, जिससे महिला सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
रिपोर्ट-मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, निर्वाचन आयोग ने बढ़ाई समय सीमा







