UP News: वाराणसी में गंगा नदी पर नाव में इफ्तार पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुर्खियों में आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक नाव पर नॉनवेज खा रहे हैं और कथित तौर पर उसके अवशेष गंगा में फेंके गए। मामले को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के वाराणसी महानगर अध्यक्ष रजत जयसवाल ने कोतवाली पुलिस में तहरीर दी। तहरीर में रजत ने आरोप लगाया कि नाव पर बैठे युवकों ने इफ्तार पार्टी के दौरान बिरयानी जैसी नॉनवेज डिश खाई और उसके अवशेष गंगा नदी में फेंक दिए, जिससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है। रजत ने कहा कि गंगा नदी एक पवित्र स्थल है, जहां देश-विदेश से रोजाना लाखों श्रद्धालु आते हैं और नदी के जल से आचमन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कृत्य जानबूझकर किए गए हैं और यह धार्मिक भावनाओं को चोट पहुँचाने की कोशिश है।
पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में नाव चालक और नाव पर मौजूद सभी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 298, 299, 196(1)(b), 270, 279, 223(b) और जल प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम, 1974 की धारा 24 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नाव चालक का लाइसेंस भी रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी को भी ऐसी घटना करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस घटना के वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखी गई। कई लोग इस कृत्य को धार्मिक असंवेदनशीलता और पर्यावरण विरोधी करार दे रहे हैं। वहीं कुछ ने कहा कि प्रशासन को जल्द कार्रवाई कर संदेश देना चाहिए कि गंगा जैसी पवित्र नदी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़े… सपा नेताओं के घर मिल रहे सिलेंडरों के भंडार… अखिलेश के सिलेंडर वाले दावे पर राजभर ने खोल दी सपा की कुंडली!







