UP News: होली पर्व के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव होने जा रहे हैं। पुलिस महकमे में तीन डीजी रैंक के अधिकारियों के रिटायरमेंट के बाद कई आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति मिलने और बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना है। योगी आदित्यनाथ सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस नेतृत्व को प्रभावी बनाना है।
तीन एडीजी होंगे डीजी
28 फरवरी को डीजी मानवाधिकार संदीप सालुंके, डीजी होमगार्ड एमके बशाल और डीजी अभियोजन दीपेश जुनेजा रिटायर हो रहे हैं। इनके रिटायरमेंट के बाद तीन एडीजी रैंक के अधिकारियों को डीजी पद पर प्रोन्नति मिलने का मार्ग साफ हो जाएगा।
ये है प्रमोशन पाने वाले अधिकारी
* एडीजी रेलवे प्रकाश डी.
* एडीजी रूल्स एंड मैनुअल एलवी एंटनी देव कुमार
* एडीजी पावर कॉरपोरेशन जय नारायण सिंह
इनकी प्रोन्नति के बाद विभाग में नई तैनातियों का दौर शुरू होगा, जिससे योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा रणनीति और प्रभावी बनेगी।
UP News: अप्रैल में और बदलाव की संभावना
30 अप्रैल को डीजी यूपी 112 और ईओडब्ल्यू नीरा रावत रिटायर होने वाली हैं। यदि इस बीच कोई अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस नहीं आता है, तो कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह को डीजी पद पर प्रोन्नति मिलने की संभावना है। आपको बता दें कि संदीप सालुंके यूपी कैडर के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि एमके बशाल तीसरे स्थान पर हैं। इनके रिटायरमेंट के बाद रेणुका मिश्रा यूपी कैडर की वरिष्ठतम अधिकारी बन जाएंगी। हालांकि, वह पिछले डेढ़ साल से मुख्यालय से संबद्ध हैं।
1 मार्च से वरिष्ठता सूची में 1991 बैच के आलोक शर्मा और पीयूष आनंद क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर आएंगे, लेकिन दोनों फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। ऐसे में कार्यरत अधिकारियों में डीजीपी राजीव कृष्णा वरिष्ठता क्रम में ऊपर आ सकते हैं।
बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना
डीजी रैंक से लेकर एसपी रैंक तक बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना जताई जा रही है। कई जिलों और जोन में नए अधिकारियों की तैनाती की तैयारी की जा रही है। योगी सरकार की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण, जनता की सुरक्षा और पुलिस के नेतृत्व में सशक्त बदलाव लाना है। अनुमान है कि अप्रैल तक प्रदेश पुलिस महकमे की तस्वीर काफी बदल जाएगी।
ये भी पढ़े… गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में DCP लेवल पर फेरबदल, कमान अब ‘साद मियां खान’ के हाथ, देखें लिस्ट…






