UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को पुलिस विभाग में दरोगा बताकर शादी तय करने की कोशिश की। लेकिन ऐन मौके पर उसकी चालाकी पकड़ी गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कासिम के रूप में हुई है, जो बरेली जिले के जशनपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
अब पढ़े क्या था मामला…
पुलिस के मुताबिक, कासिम पिछले 3-4 महीनों से पीलीभीत के एक परिवार के संपर्क में था और खुद को 2023 बैच का चयनित दरोगा बताकर भरोसा जीत रहा था। उसने लड़की पक्ष को यह भी बताया था कि उसकी वर्तमान तैनाती सहारनपुर में है। सरकारी नौकरी और वर्दी के रुतबे के चलते लड़की का परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गया। गुरुवार को तय कार्यक्रम के तहत लड़की का परिवार सहारनपुर पहुंचा। दोनों पक्षों की मुलाकात कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर होनी थी। कासिम इस दौरान पूरी वर्दी में वहां पहुंचा, जिससे पहली नजर में वह असली पुलिसकर्मी ही लगा। परिवार उससे बातचीत कर ही रहा था कि उसी समय वहां मौजूद एक असली दरोगा को उसके हाव-भाव और बातचीत पर शक हो गया।

UP News: आरोपी ने अपना गुनाह किया कबूल
शक के आधार पर दरोगा ने कासिम से उसके चयन, बैच, रोल नंबर और ट्रेनिंग से जुड़े सवाल पूछे। लेकिन कासिम बार-बार सवालों में उलझता गया और कोई ठोस जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद मौके पर ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और थाना सदर बाजार ले जाकर पूछताछ शुरू की। वहीं इस मामले में थाना प्रभारी कपिल देव ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में ही आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि वह पुलिस भर्ती में चयनित नहीं हुआ था और उसने कभी कोई ट्रेनिंग भी नहीं ली। उसने सिर्फ शादी के लिए लड़की पक्ष को प्रभावित करने और अपना रुतबा दिखाने के लिए दरोगा की वर्दी का सहारा लिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि कासिम ने सोशल मीडिया और फोन कॉल के जरिए लड़की पक्ष के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा था और खुद को सरकारी नौकरी में होने का दावा करता रहा। उसने अपने झूठ को सच साबित करने के लिए वर्दी तक का इंतजाम कर लिया था।
पिता बोले- कोई जानकारी नहीं
आरोपी के पिता पुत्तन ने इस पूरे मामले पर हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें बेटे की इस हरकत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि कासिम उनके तीन बेटों में सबसे छोटा है और परिवार को इस रिश्ते या उसकी फर्जी पहचान के बारे में पहले से कुछ पता नहीं था। सूत्रों के अनुसार, लड़की का परिवार उत्तराखंड के कलियर स्थित पीर बाबा की मजार पर दर्शन करने गया था। वहीं से लौटते वक्त उन्होंने सहारनपुर आकर कासिम से मिलने का कार्यक्रम बनाया। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस युवक को वे दरोगा समझ रहे हैं, वह असल में एक ठग निकलेगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी किसी को इसी तरह ठगने की कोशिश तो नहीं की।
ये भी पढ़े… असद मदनी का दावा: भारत का मुसलमान खुद को असुरक्षित और अपमानित महसूस कर रहा







