UP Police Holi: होली के मौके पर बरेली में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का अलग ही रंगीन और मस्ती भरा अंदाज देखने को मिला। गुरुवार सुबह से ही जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अफसर रंग-गुलाल के बीच ढोल-नगाड़ों और फिल्मी गानों पर जमकर झूमते नजर आए।
एसएसपी के डांस की चर्चा
सबसे ज्यादा चर्चा एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के डांस की रही। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही फिल्मी गाना ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ बजा, एसएसपी खुद को रोक नहीं पाए और डांस फ्लोर पर उतर आए। उन्होंने भांगड़ा और फिल्मी स्टेप्स के साथ जमकर डांस किया। उनके जोश और अंदाज को देखकर वहां मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाते नजर आए। इसी दौरान आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा ने भी अपने डांस से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। काला चश्मा लगाकर उन्होंने ‘लंदन ठुमका’ गाने पर शानदार ठुमके लगाए। उनके डांस स्टेप्स देखकर वहां मौजूद अधिकारी और पुलिसकर्मी भी झूमने लगे और कुछ ही देर में पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।
UP Police Holi: डीएम आवास से शुरू हुआ होली मिलन का सिलसिला
होली के मौके पर सबसे पहले जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आवास पर अधिकारियों का जमावड़ा लगा। यहां एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे। सभी ने जिलाधिकारी को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। हंसी-मजाक और रंगों के बीच यहीं से अफसरों के होली मिलन कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद अधिकारी डीआईजी अजय कुमार साहनी और कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी के आवास पर भी पहुंचे, जहां रंग-गुलाल के साथ होली का जश्न मनाया गया।
#बरेली: आईपीएस अंशिका वर्मा ने ‘लंदन ठुमका दा’ पर किया डांस#Holi2026 #UPPoliceholi pic.twitter.com/WqZKtL63PB
— Khabar India ख़बर इंडिया (@_KhabarIndia) March 6, 2026
हाई वोल्टेज मस्ती का माहौल
एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा के आवास पर भी विशेष होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां ढोल, डीजे और रंग-गुलाल के बीच पुलिस अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की खुशियां बांटते नजर आए। चारों तरफ रंगों की उड़ती बौछार, ढोल की थाप और फिल्मी गानों की धुन के बीच माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया था। पुलिसकर्मी भी अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डांस करते दिखाई दिए।
ये भी पढ़े… उत्तम नगर में रंग के गुब्बारे को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या






