US-Israel Attacks Iran: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर समेत कई इलाकों में तनावपूर्ण हालात बन गए हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस और सुरक्षाबलों को बल प्रयोग करना पड़ा।
सड़कों पर उतरी भीड़, हालात बिगड़े
सोमवार को श्रीनगर के कई संवेदनशील इलाकों में प्रदर्शनकारियों की भीड़ जमा हो गई। शुरू में शांतिपूर्ण दिख रहा विरोध प्रदर्शन कुछ ही देर में उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी और सुरक्षा व्यवस्था तोड़ने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले चेतावनी दी, लेकिन भीड़ के न मानने पर कार्रवाई करनी पड़ी।
US-Israel Attacks Iran: आंसू गैस और लाठीचार्ज
हिंसा बढ़ने के बाद सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कई जगहों पर लाठीचार्ज भी किया गया। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में सुरक्षाबलों को प्रदर्शनकारियों को खदेड़ते और सड़कों से हटाते हुए देखा गया। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था।
कश्मीर भर में पाबंदियां सख्त
हालात को देखते हुए कश्मीर के सभी जिलों में एहतियातन पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। श्रीनगर में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं, ताकि अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को फैलने से रोका जा सके। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, प्रदेश भर में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
US-Israel Attacks Iran: स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं स्थगित
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय अगले दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया है। पुलिस के अनुसार, सभी परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। 3 मार्च को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे, ताकि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
शांति की अपील
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सभी समुदाय संयम बरतें और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहें।
वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए कश्मीर के लोगों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अशांति से हालात और बिगड़ सकते हैं।
ये भी पढ़े… 8 दिन में पलटी बाज़ी! सैमसन के आगे झुके सूर्या






