US Maduro Arrest: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि काराकास में रात भर चले अमेरिकी ऑपरेशन में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने इस मिशन को अमेरिकी सेना की ओर से अब तक के सबसे जटिल और सटीक ऑपरेशनों में से एक बताया।
आसमान, जमीन और समुद्र से एकसाथ हमला
मार-ए-लागो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस ऑपरेशन में जबरदस्त अमेरिकी मिलिट्री पावर (आसमान, जमीन और समुद्र) का इस्तेमाल किया गया। ऑपरेशन को गुप्त रखने के लिए अंधेरे में अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी ऑपरेशन के दौरान वेनेजुएला की सभी सैन्य क्षमताओं को विफल किया गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बिना किसी अमेरिकी सैन्य नुकसान के मादुरो और उनकी पत्नी सेलिया फ्लोरेस को पकड़ा गया। उन्होंने कहा, “एक भी अमेरिकी सैनिक मारा नहीं गया और किसी उपकरण को नुकसान नहीं हुआ।” राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि मादुरो को एक सुरक्षित जगह पर पहुंचने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। अमेरिकी सेना ने उम्मीद से ज्यादा तेजी से कार्रवाई की।
US Maduro Arrest: 150 से ज्यादा एयरक्राफ्ट और 20 सैन्य बेस शामिल
बता दें कि मादुरो को पकड़कर अमेरिका लाया जा चुका है, जहां उनके खिलाफ फेडरल कोर्ट में नार्को-टेररिज्म का केस चलेगा। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका और ऑपरेशन कर सकता है। अमेरिकी सेनाएं इस क्षेत्र में तैनात हैं।
वहीं, अमेरिका के जॉइंट चीफ्स के चेयरमैन जनरल डैन केन ने कहा कि ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ महीनों की प्लानिंग के बाद शुरू किया गया था और इसमें अमेरिकी सेना व खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय शामिल था। उन्होंने कहा, “20 अलग-अलग बेस से 150 से ज्यादा एयरक्राफ्ट भेजे गए। सेनाएं पकड़े जाने से बचने के लिए कम ऊंचाई पर ऑपरेट कर रही थीं।”

अमेरिका की खुली चेतावनी
केन ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान हेलीकॉप्टरों पर फायरिंग हुई, लेकिन वे सुरक्षित लौट आए। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने इसे ‘एक बहुत बड़ा संयुक्त सैन्य और कानून प्रवर्तन ऑपरेशन’ बताया, जिसे बिना किसी गलती के अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन से यह साबित होता है कि अमेरिका अपनी कार्रवाई कहीं भी, कभी भी कर सकता है।
जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस को पहले से बताया गया था, तो इस पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “यह संभव नहीं था। यह उस तरह का मिशन नहीं था, जिसके बारे में आप कांग्रेस को पहले से बता सकें।” उन्होंने इसे एक ‘ट्रिगर-बेस्ड मिशन’ बताया और कहा कि सफलता को खतरे में डालने से बचने के लिए गोपनीयता जरूरी थी।






