Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक सरकारी शिक्षक की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा विभाग में बढ़ते कार्यभार और दबाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 46 वर्षीय शिक्षक राम प्रकाश वर्मा का शव उनके बाजार स्थित मकान में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। परिवार का आरोप है कि विभागीय काम के अत्यधिक दबाव और फोन पर मिली चेतावनी से वह मानसिक तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
कौन थे राम प्रकाश वर्मा?
राम प्रकाश वर्मा संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बढ़ईपुर गांव के रहने वाले थे। वह पिछले 8 वर्षों से प्रतापगढ़ जिले के गौहानी प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके घर और स्कूल के बीच लगभग 30 किलोमीटर की दूरी थी, जिसे वह रोज तय करते थे।परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी वंदना 17 वर्ष और दो बेटे आलोक 14 वर्ष व अमन दीप 12 वर्ष हैं। दोनों बेटे शिव प्रताप इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं।
Uttar Pradesh: बेटे का आरोप: फोन पर बनाया गया दबाव
शिक्षक के बड़े बेटे आलोक वर्मा के अनुसार, उनके पिता पिछले कई दिनों से अत्यधिक मानसिक तनाव में थे। वह विद्यालय की ड्यूटी के साथ-साथ बीएलओ बूथ लेवल ऑफिसर का कार्य भी संभाल रहे थे।बुधवार को उनकी ड्यूटी यूपी बोर्ड परीक्षा में लगी थी। शाम को परीक्षा ड्यूटी पूरी कर वह गांव लौटे और परिवार के साथ भोजन किया। इसके बाद वह बाजार स्थित अपने घर सोने चले गए।आलोक के मुताबिक, उसी दिन बीआरसी ब्लॉक रिसोर्स सेंटर कार्यालय से फोन आया था, जिसमें आधार कार्ड की फीडिंग का कार्य जल्द पूरा करने का दबाव बनाया गया और कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। यही बात उन्होंने अपने पिता और बेटे से भी साझा की थी।
Uttar Pradesh: रात में ऐसे सामने आई घटना
रात करीब 11 बजे राम प्रकाश के पिता ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार प्रयास करने के बाद पड़ोसी को फोन कर घर देखने के लिए कहा गया।पड़ोसी जब पहुंचे तो घर का गेट बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो शिक्षक का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
Writer : Raksha Raval
ये भी पढ़े: स्वामी शब्द पर छिड़ा विवाद, PM मोदी के बयान पर ममता का तीखा वार






