Varanasi news: वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पर रविवार को रविदास जयंती के अवसर पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे। भारी भीड़ के कारण मौके पर व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। इसी बीच नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ‘रावण’ भी मंदिर परिसर पहुंचे।
गाड़ी आगे ले जाने को लेकर बढ़ा विवाद
चंद्रशेखर रावण की गाड़ी को आगे ले जाने को लेकर उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। समर्थकों का कहना था कि सांसद की गाड़ी को आगे जाने दिया जाए, जबकि पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ का हवाला देते हुए गाड़ियों की आवाजाही पर रोक होने की बात कही।
Varanasi news: पुलिस की चेतावनी के बावजूद भीड़ में घुसी गाड़ी
पुलिस के बार-बार मना करने के बावजूद सांसद की गाड़ी भीड़ के बीच से गुजरती रही, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान समर्थक पुलिस से उलझते भी नजर आए। मंदिर के पास अत्यधिक भीड़ के कारण हालात इतने बिगड़ गए कि एक बच्ची भीड़ में फंस गई, जिसे परिजनों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला।
दर्शन-पूजन के बाद बोले चंद्रशेखर
Varanasi news: मंदिर पहुंचने के बाद चंद्रशेखर रावण ने संत रविदास को नमन किया, दर्शन-पूजन किया और लंगर में प्रसाद भी ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है और वह पिछले एक साल से इस मौके का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, “संत रविदास का सपना जरूर पूरा होगा। कश्मीर से कन्याकुमारी तक सभी लोग प्रसन्न होंगे।”
ये भी पढ़ें: मणिपुर में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज, एनडीए नेता दिल्ली पहुंचेंगे







