Venus Saturn Neptune alignment: आसमान देखने वालों और खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए 7 और 8 मार्च 2026 की शाम बेहद खास रहने वाली है। इन दो दिनों में आकाश में एक दुर्लभ खगोलीय घटना देखने को मिलेगी, जब तीन ग्रह शुक्र, शनि और वरुण एक ही क्षेत्र में बेहद करीब दिखाई देंगे। इस खगोलीय घटना को ‘कंजंक्शन’ यानी युति कहा जाता है।खगोलविदों के अनुसार यह नजारा भारत सहित दुनिया के कई हिस्सों से देखा जा सकेगा। सूर्यास्त के तुरंत बाद पश्चिम दिशा में क्षितिज के पास इन ग्रहों की खास स्थिति दिखाई देगी।
7 मार्च को शुक्र और वरुण आएंगे बेहद करीब
खगोलविदों के मुताबिक 7 मार्च की शाम शुक्र और वरुण ग्रह एक-दूसरे के काफी करीब नजर आएंगे। दोनों ग्रहों के बीच की दूरी बेहद कम होगी, जिससे यह खगोलीय घटना काफी खास मानी जा रही है। हालांकि वरुण ग्रह को देखने के लिए दूरबीन या टेलिस्कोप की जरूरत पड़ेगी।
Venus Saturn Neptune alignment: 8 मार्च को शुक्र और शनि का अनोखा मिलन
अगले दिन यानी 8 मार्च की शाम शुक्र और शनि ग्रह की युति दिखाई देगी। दोनों ग्रह आकाश में एक-दूसरे के करीब दिखाई देंगे और इनके बीच की दूरी लगभग एक डिग्री के आसपास होगी। यह दृश्य सूर्यास्त के बाद कुछ समय तक ही देखा जा सकेगा।
Venus Saturn Neptune alignment: सबसे चमकीला दिखेगा शुक्र ग्रह
इस खगोलीय घटना में शुक्र ग्रह सबसे अधिक चमकीला नजर आएगा। इसे साधारण आंखों से भी देखा जा सकता है और यह सफेद चमकते तारे की तरह दिखाई देगा।शनि ग्रह अपेक्षाकृत थोड़ा धुंधला दिखाई देगा, लेकिन साफ मौसम में इसे भी बिना दूरबीन के देखा जा सकता है। वहीं वरुण ग्रह को देखने के लिए अच्छी गुणवत्ता की दूरबीन या टेलिस्कोप की जरूरत होगी।
भारत में कब और कैसे देखें यह नजारा
भारत में यह खगोलीय घटना सूर्यास्त के लगभग 30 से 40 मिनट बाद तक देखी जा सकती है। इस दौरान पश्चिमी क्षितिज की ओर देखने पर ये ग्रह एक छोटे से क्षेत्र में दिखाई देंगे।हालांकि इन ग्रहों को देखने के लिए समय बहुत सीमित होगा, क्योंकि थोड़ी देर बाद ये क्षितिज के नीचे चले जाएंगे।
Venus Saturn Neptune alignment: मीन तारामंडल में बनेगा यह अद्भुत दृश्य
खगोलविदों के अनुसार यह घटना मीन तारामंडल के क्षेत्र में घटित होगी। इसी वजह से तीनों ग्रह आकाश के एक छोटे हिस्से में एक साथ दिखाई देंगे, जो खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए बेहद रोमांचक दृश्य साबित हो सकता है।
यह भी पढे़….मैडम रोज करवाती थीं मासूम छात्राओं से मालिश, वीडियो वायरल होते ही योगी की पुलिस ने कर दिया सस्पेंड






