West Bengal: पश्चिम बंगाल के अभिनेता और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सायक चक्रवर्ती से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। सायक चक्रवर्ती ने कोलकाता के एक प्रसिद्ध रेस्तरां पर मटन की जगह गोमांस परोसने का आरोप लगाया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता रेस्तरां के वेटर से बहस करते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
सायक चक्रवर्ती का दावा है कि रेस्तरां में उन्हें मटन ऑर्डर करने के बावजूद गोमांस परोसा गया। उनका कहना है कि अनजाने में उन्होंने उसे मटन समझकर खा लिया, जिसके बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जब वेटर दोबारा मटन परोसने आता है, तो अभिनेता उससे सवाल करते हैं कि पहले गोमांस क्यों परोसा गया।
West Bengal: रेस्तरां स्टाफ ने मांगी माफी
जानकारी के मुताबिक यह वीडियो कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित एक रेस्तरां का है। वीडियो में रेस्तरां के वेटर और मैनेजर सायक चक्रवर्ती से माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान अभिनेता ने कहा कि वह ब्राह्मण हैं और इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और बाद में पार्क स्ट्रीट थाने में वेटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फिलहाल वेटर की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
West Bengal: सोशल मीडिया पर बंटे लोग
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने सायक चक्रवर्ती का समर्थन किया, जबकि कई यूज़र्स ने उनकी आलोचना करते हुए उन पर सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने उन्हें भाजपा का एजेंट तक बता दिया।
सफाई में बोले सायक चक्रवर्ती
West Bengal: विवाद बढ़ने के बाद सायक चक्रवर्ती ने वायरल वीडियो को डिलीट कर दिया और आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा, “मेरा इरादा किसी भी तरह से हिंदू-मुस्लिम विवाद खड़ा करने का नहीं है। मेरे कई मुस्लिम मित्र हैं। मैंने अपने दोस्त रियाज के घर ईद मनाई है। मेरी पोस्ट्स हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाली रही हैं।” फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड ट्रेन कॉरिडोर का ऐलान, 15 घंटे का सफर अब सिर्फ 3 घंटे में







