West Bengal ELection: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। धरना प्रदर्शन के दौरान उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो बंगाल को छूकर दिखाएं।
भाजपा पर ‘बंगाल को बांटने’ का आरोप
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल और बिहार को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली मकसद बंगाल को तोड़ना है और वे एक बार फिर ‘बंग-भंग’ जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार को बांटकर झारखंड बनाया गया था और अब भाजपा बिहार को फिर से विभाजित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे।
West Bengal ELection: गैस कीमतों को लेकर केंद्र पर हमला
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर गैस की कीमतें बढ़ाने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी कर दी गई है और अब लोगों को 21 दिन पहले गैस बुक कराने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर घर में गैस खत्म हो जाए तो लोग इतने दिनों तक क्या करेंगे और क्या खाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केरोसिन का कोटा भी कम कर दिया गया है, जबकि रोजमर्रा की चीजों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
एक दिन पहले ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कई ऐसे मतदाताओं को मृत घोषित कर दिया गया है, जो अभी जीवित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कुछ मतदाता धरना स्थल पर मौजूद हैं, जो यह साबित करने आए हैं कि वे जिंदा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है।
West Bengal ELection: ‘जिंदा मतदाताओं को मृत बताने’ का आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी ने ऐसे 22 मतदाताओं का पता लगाया है जिन्हें रिकॉर्ड में मृत बताया गया है, जबकि वे जिंदा हैं। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि ऐसे मामलों को प्रमुखता से दिखाया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
महिला दिवस पर विरोध रैली का ऐलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विरोध रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी धर्मों के लोगों के साथ खड़ी है और सभी के अधिकारों के लिए लड़ रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि उनके लिए हर धर्म सम्मान के योग्य है और मानवता का धर्म सबसे बड़ा धर्म है।
ये भी पढ़े… केरल चुनाव की उलटी गिनती शुरू, चुनाव आयोग ने खोला तैयारियों का पूरा प्लान






