West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आसनसोल दक्षिण से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को टीएमसी पर निशाना साधते हुए उसे ‘हिंदू विरोधी’ बताया और मुस्लिम समुदाय का वोट के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। यह बयान उस वक्त सामने आया जब भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में राम नवमी की तैयारियों में कथित पुलिस बाधा के खिलाफ देर रात विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने किया था।
सुवेंदु अधिकारी भाजपा के उम्मीदवार
बता दें कि भवानीपुर सीट से इस बार सुवेंदु अधिकारी भाजपा के उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से है। अग्निमित्रा पॉल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस हिंदू विरोधी है और पिछले 15 सालों से हिंदुओं पर अत्याचार किए जा रहे हैं, ताकि एक खास समुदाय को संदेश दिया जा सके। सभी जानते हैं कि मैं किस समुदाय की बात कर रही हूं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस मुस्लिम समुदाय को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। अब मुस्लिम समाज भी समझ चुका है कि सीएम ममता बनर्जी ने उन्हें सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल किया और उनके लिए कोई ठोस काम नहीं किया। राम नवमी के मुद्दे पर भी भाजपा विधायक ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक आयोजनों को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि हिंदुओं को दुर्गा पूजा और राम नवमी की रैली के लिए अनुमति लेनी पड़ती है। सीएम ममता बनर्जी जानबूझकर ऐसे फैसले लेती हैं, जिससे हिंदू भावनाएं आहत हों और मुस्लिम समुदाय को खुश किया जा सके। यह बहुत गंदी राजनीति है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस ने धर्म से ऊपर उठकर काम किया होता तो आज पार्टी की स्थिति बेहतर होती।
West Bengal Elections: पुलिस पर भी गंभीर सवाल
अग्निमित्रा पॉल ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यहां के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वतंत्र रूप से निर्णय नहीं लेते और सिर्फ मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हैं। हालांकि, जूनियर अधिकारी बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोग, चाहे किसी भी धर्म के हों, अब बदलाव चाहते हैं। लोगों को लग रहा है कि यहां सिर्फ धर्म की राजनीति हो रही है, इसलिए अब परिवर्तन की मांग उठ रही है।
ये भी पढ़े… आपको कब्रिस्तान प्यारा था तो आपने वहां पैसा दिया, लेकिन हमें… अखिलेश को CM योगी ने जमकर धोया!







