West Bengal: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान मौजूद रह सकती हैं। फिलहाल ममता बनर्जी दिल्ली में हैं और उनकी सुरक्षा टीम ने सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था से भी संपर्क किया है।
West Bengal: ममता की याचिका पर सुनवाई
दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में चल रही मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस याचिका में निर्वाचन आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को प्रतिवादी बनाया गया है। ममता बनर्जी का कहना है कि बंगाल में लागू SIR प्रक्रिया मनमानी और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस प्रक्रिया के जरिए करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और कई जीवित लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
West Bengal: इस मुद्दे को लेकर सोमवार को ममता बनर्जी की मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ बैठक हुई थी, लेकिन वह बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गई थीं। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों पर अहंकारी व्यवहार करने और उनके प्रतिनिधिमंडल का अपमान करने का आरोप लगाया था। चुनाव आयोग मुख्यालय से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी ने आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है और कई लोगों की मौत के लिए भी आयोग को जिम्मेदार ठहराया।
यह भी पढे़: धुरंधर-2 की शूटिंग पर बवाल, बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर लोकेशन मैनेजर पर FIR







