West Bengal: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पॉश इलाके गोलपार्क में रविवार रात अचानक हालात बेकाबू हो गए। रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्र के कंकुलिया रोड पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें देसी बम फेंके गए और गोलियां भी चलीं। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इलाके में हिंसा के बाद दहशत का माहौल बन गया।
कैसे भड़की हिंसा?
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे शुरू हुई। बताया जा रहा है कि दूसरे इलाके से आए युवकों का एक समूह कंकुलिया रोड में पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया।
West Bengal: देसी बम और फायरिंग से फैली दहशत
हालात बिगड़ने पर उपद्रवियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए देसी बमों का इस्तेमाल किया। पुलिस को मौके से खाली कारतूस और छर्रे बरामद हुए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। सड़क पर खड़ी कई मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की गई।
West Bengal: पुलिस वाहन को भी बनाया निशाना
जब सुरक्षा बल स्थिति को काबू में करने मौके पर पहुंचे, तो उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने हालात संभालते हुए इलाके को घेर लिया और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।
10 आरोपी गिरफ्तार, छापेमारी जारी
सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और लगातार छापेमारी की जा रही है।
वर्चस्व की लड़ाई का आरोप
West Bengal: स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह हिंसा इलाके में वर्चस्व कायम करने के मकसद से की गई थी। घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढे़ : मध्य प्रदेश के शहडोल में दो बाघ मृत मिले, बिजली के झटके से मौत की आशंका







