Yogi Visit Jewar Airport: योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने करीब तीन घंटे तक लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। यह दौरा प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा से पहले बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:15 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचे और शाम करीब 5 बजे तक विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
टर्मिनल से लेकर रैली स्थल तक समीक्षा
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल और अन्य तकनीकी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए तैयार किए गए पंडाल, रैली स्थल, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल तक आने वाले सभी मार्गों की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने अधिकारियों से हर बिंदु पर जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
Yogi Visit Jewar Airport: सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
लोकार्पण समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सुरक्षा घेरे, वीवीआईपी और वीआईपी गैलरी, आमजन के बैठने की व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Yogi Visit Jewar Airport: 28 मार्च को होगा भव्य लोकार्पण
नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इसको लेकर पिछले एक सप्ताह से तैयारियां लगातार जारी हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा इन्हीं तैयारियों की अंतिम समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद
प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्लान और यातायात प्रबंधन का विस्तृत खाका मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत किया गया। डीएन मेधा रुपम द्वारा प्रस्तुत इस प्रेजेंटेशन में सभी व्यवस्थाओं को विस्तार से समझाया गया। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री के इस दौरे से साफ संकेत मिला है कि सरकार इस कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित और पूरी तरह व्यवस्थित बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
ये भी पढ़े… आप पार्टी में बगावत की आहट? राघव चड्ढ के बीजेपी में जाने की चर्चा पर संजय सिंह ने दिया कड़ा रिएक्शन!







