Bihar Election 2025: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, बिहार चुनाव के वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एनडीए के घोषणा पत्र पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि एनडीए नेताओं को न तो लोकतंत्र पर भरोसा है और न ही जनता को जवाब देने का साहस।
26 सेकंड में जारी किया घोषणापत्र
Bihar Election 2025: दरअसल, बीते दिन शुक्रवार को पटना में आयोजित कांग्रेस की प्रेस वार्ता में गहलोत ने आरोप लगाया कि एनडीए ने मात्र 26 सेकंड में अपना घोषणापत्र जारी कर प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त कर दी। गहलोत ने कहा कि मीडिया के साथियों ने कहा कि यह हमारे जीवन की सबसे जल्दी खत्म होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो कभी मीडिया से मिलते नहीं हैं और अब घोषणा पत्र लॉन्च से बीजेपी के नेता भाग गए। ये दिखाता है कि बीजेपी को लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है यह एक खतरनाक संकेत है।
गहलोत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार से बीते 20 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आज के मैनिफेस्टो में जनता यह उम्मीद कर रही थी कि आप बताएंगे पिछले बीस सालों में जो वादे किए, उनका क्या हुआ। लेकिन एनडीए ने एक बार फिर झूठे वादों का पुलिंदा जनता के सामने रख दिया।
गहलोत ने तंज कसते हुए क्या कहा ?
Bihar Election 2025: कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री मोदी से उनके पुराने वादों का भी हिसाब मांगा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को सवा लाख करोड़ रुपये का पैकेज देने का वादा किया था। अब उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। गहलोत ने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि बिहार में गन्ना मिलें लगेंगी, शुगर बनेगी और वो यहां आकर उसी से बनी चाय पिएंगे लेकिन आज तक उन्होंने वो चाय पी भी क्या?
ये है एनडीए के संकल्प पत्र के वादे
Bihar Election 2025: NDA ने 25 बड़े संकल्पों का वादा किया है। जिसमें रोजगार, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर मेट्रो, एयरपोर्ट, फूड पार्क और महिलाओं के सशक्तिकरण तक सब कुछ शामिल है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि एनडीए का विजन बिहार को 21वीं सदी में ग्लोबल स्किलिंग सेंटर और औद्योगिक हब बनाने का है। एक नजर वादों पर…
- 1 करोड़ सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।
- हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित होंगे ताकि बिहार को ग्लोबल स्किलिंग हब बनाया जा सके।
- कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना ₹9,000 का लाभ मिलेगा।
- 7 एक्सप्रेसवे, 3600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण और 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू होगी।
- हर घर को 125 यूनिट मुफ्त बिजली, ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज और 50 लाख नए पक्के मकान का वादा।
- महिलाओं के लिए ‘महिला मिशन करोड़पति’, जिसमें 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा।
- मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।
- न्यू पटना ग्रीनफील्ड सिटी, दरभंगा, पूर्णिया व भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण।
- AI, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, फिनटेक सिटी जैसे सेक्टरों में 1 लाख करोड़ से अधिक निवेश।
- 5 वर्षों में बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने का संकल्प और ‘फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल’ के तहत विकास।
ये भी पढ़े… Bihar Election 2025: चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने जारी किया वीडियो संदेश, कहा- ‘अब बिहारी होना गर्व की बात’







