Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » Lakhimpur Kheri: पीडब्ल्यूडी का कारनामा! 20 सेकंड के वीडियो ने खोला करोड़ों की सड़क का भ्रष्टाचार, मासूम बच्चों ने हिला दिया सिस्टम

Lakhimpur Kheri: पीडब्ल्यूडी का कारनामा! 20 सेकंड के वीडियो ने खोला करोड़ों की सड़क का भ्रष्टाचार, मासूम बच्चों ने हिला दिया सिस्टम

Lakhimpur Kheri
Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ज़िले में पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। निघासन क्षेत्र के खैरहानी पचपेडा गांव में करोड़ों की लागत से बनी सड़क महज़ आठ दिन में ही गड्ढों में बदल गई। हैरानी की बात यह है कि इस घोटाले का खुलासा किसी अधिकारी या जांच एजेंसी ने नहीं, बल्कि एक 20 सेकंड के वीडियो में दिखाई दे रहे छोटे-छोटे बच्चों ने किया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।

मासूमों की आवाज़ ने खोली पोल

वायरल वीडियो में 8–10 साल के बच्चे टूटी सड़क पर खड़े होकर कहते दिख रहे हैं कि ये सड़क अभी आठ दिन पहले बनी थी… और देखो पूरी टूट गई। इसमें बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। योगी जी, हमारी मदद करो। बच्चों की सादगी भरी शिकायतें इतनी असरदार साबित हुईं कि पूरा प्रशासन और राजनीतिक गलियारे हिल गए। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क जल्दबाज़ी में और बेहद घटिया सामग्री से बनाई गई थी, जो मामूली बारिश भी नहीं झेल पाई।

Lakhimpur Kheri: सड़क या दलदल?

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की ऊपरी परत उधड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। हालत ऐसी है कि सड़क और कीचड़ में फर्क करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान कोई सरकारी मॉनिटरिंग नहीं की गई और शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इस मामले को और गंभीर बनाता है कि पीडब्ल्यूडी विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि विभाग के अधिकारी और ठेकेदार इतने निडर कैसे हो गए कि करोड़ों की परियोजना में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करते रहे।

राजनीतिक बवाल शुरू

विपक्ष ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। सवाल उठाए जा रहे हैं कि जब बच्चों को भ्रष्टाचार दिख रहा है, तो विभागीय अधिकारी क्यों आंखें मूंदे बैठे हैं? क्या ठेकेदारों को “विशेष संरक्षण” का भरोसा है? वहीं इसको लेकर ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की तत्काल उच्चस्तरीय जांच की जाए। दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

Report By: संजय कुमार राठौर   

ये भी पढ़े… Political News: PM मोदी का AI वीडियो शेयर करने पर कांग्रेस पर भड़के शिवराज, बोले- ‘पार्टी में दिमाग नहीं बचा’