VOTE CHORI: राजधानी के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की बड़ी रैली से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में केवल वोट चोरी नहीं, बल्कि “वोटों की डकैती” की गई है। यह रैली एसआईआर (SIR) के खिलाफ आयोजित की जा रही है, जिसमें राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई: तिवारी
मीडिया से बातचीत में प्रमोद तिवारी ने कहा कि रामलीला मैदान की रैली किसी पार्टी विशेष की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा, “कल शाम से दिल्ली की सड़कें लोगों से भरी हुई हैं। लोग किसी स्वार्थ से नहीं, बल्कि अपने वोट के अधिकार और संविधान को बचाने के लिए यहां आ रहे हैं।”
VOTE CHORI: भाजपा पर ऐतिहासिक आरोप
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि आजादी की लड़ाई में कांग्रेस के नेताओं ने जेल, यातनाएं और फांसी तक का सामना किया, जबकि भाजपा की विचारधारा अंग्रेजों के साथ खड़ी थी। उन्होंने कहा, “पंडित नेहरू, राजेंद्र प्रसाद और बाबा साहेब अंबेडकर ने जो संविधान दिया, उसका सबसे कीमती रत्न वोट का अधिकार है। आज उसी अधिकार की चोरी की जा रही है।”
‘वोट चोरी नहीं, सुनियोजित डकैती’
प्रमोद तिवारी ने दावा किया कि हालिया चुनावों में जनता के जनादेश के साथ खुला खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा,“हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में जो हुआ, वह साधारण गड़बड़ी नहीं, बल्कि सुनियोजित डकैती है। जनता अब इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।”
मेसी कार्यक्रम और घुसपैठ पर भी प्रतिक्रिया
कोलकाता में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल पर तिवारी ने इसे आयोजकों की बड़ी चूक बताया और कहा कि खेल को राजनीति का अखाड़ा बनाना निंदनीय है। वहीं घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्यों में भाजपा की सरकार है, तो अवैध घुसपैठ की जिम्मेदारी भी उसी की बनती है।
ये भी खबरें पढ़े… अयोध्या में बनेगा नया मंदिर, 27–31 दिसंबर तक होंगे भव्य धार्मिक आयोजन







