Ola Electric: भारत के इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार में वर्ष 2025 के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय तक इस सेगमेंट में दबदबा बनाए रखने वाली ओला इलेक्ट्रिक की बाजार हिस्सेदारी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सरकारी वाहन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, ओला इलेक्ट्रिक का मार्केट शेयर 2024 के 36.7 प्रतिशत से घटकर 2025 में मात्र 16.1 प्रतिशत रह गया है, यानी कंपनी की हिस्सेदारी में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट आई है।
ऑपरेशनल चुनौतियां बनी वजह
आंकड़ों के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक ने वर्ष 2025 में कुल 1,96,767 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बेचे। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी को ऑपरेशनल स्तर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इनमें डिलीवरी के बाद वाहनों की सर्विस में देरी, आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को लेकर ग्राहकों की शिकायतें और प्रोडक्ट क्वालिटी से जुड़ी समस्याएं प्रमुख कारण मानी जा रही हैं।
Ola Electric: घाटे और आय में तेज गिरावट
ओला इलेक्ट्रिक की वित्तीय स्थिति भी दबाव में दिखाई दे रही है। कंपनी वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में 418 करोड़ रुपये के कंसोलिडेटेड नुकसान में रही। वहीं, इस दौरान कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 43 प्रतिशत घटकर 690 करोड़ रुपये रह गई, जबकि वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में यह 1,214 करोड़ रुपये थी।
एक पूर्व एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा था कि ऑटो सेगमेंट में हम अत्यधिक प्रतिस्पर्धी बाजार को देखते हुए मार्जिन और नकद अनुशासन पर फोकस कर रहे हैं, जिसके चलते वॉल्यूम में पहली तिमाही की गाइडेंस से कम रहने की संभावना है।
शेयर बाजार में भी दबाव
ओला इलेक्ट्रिक के प्रदर्शन का असर शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कंपनी का शेयर बीते एक महीने में 13.77 प्रतिशत और छह महीने में करीब 19 प्रतिशत तक गिर चुका है। वहीं, साल की शुरुआत से अब तक शेयर में 59.44 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
वीडियो भी देखें… ओला स्कूटी हुई ख़राब सेंटर वालों ने मांगे 60 हज़ार मीडिया देख शटर बंद कर भागा Khabar India






