UP Voter List Revision: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सहायता केन्द्र (Voter Assistance Centre) स्थापित किए जाएंगे। यह व्यवस्था SIR के अंतिम दो दिनों से पहले ही पूरे प्रदेश में लागू कर दी जाएगी। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देश पर कार्यालय की ओर से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
10 से 12 बजे तक BLO की मौजूदगी अनिवार्य
निर्देशों के अनुसार, मतदाता सहायता केन्द्रों पर प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की उपस्थिति अनिवार्य होगी। BLO मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से जुड़े मामलों में मौके पर ही सहायता प्रदान करेंगे।
UP Voter List Revision: ड्राफ्ट लिस्ट और जरूरी फॉर्म रहेंगे उपलब्ध
मतदाता सहायता केन्द्रों पर बूथ लेवल अधिकारी के पास
- 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची (ड्राफ्ट लिस्ट)
- विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2003 की अंतिम मतदाता सूची
- मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं दोहरी प्रविष्टि से जुड़ी सूची
- फॉर्म-6, 7, 8 और घोषणा पत्र
पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग और दावे-आपत्तियों के फॉर्म भरने में भी पात्र नागरिकों को सहायता दी जाएगी।
शिकायतों पर लगेगी रोक, प्रक्रिया होगी आसान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, इस व्यवस्था से मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों में कमी आएगी और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ बनेगी।
UP Voter List Revision: प्रचार-प्रसार के भी निर्देश
पत्र में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मतदाता सहायता केन्द्रों की स्थापना और उनकी कार्यप्रणाली का प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस सुविधा का लाभ उठा सकें। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के भी संकेत दिए गए हैं।
ये भी पढ़े… अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजे गए







