Home » राजस्थान » झुंझुनूं में 6 करोड़ का गोल्ड लोन घोटाला, PNB का पूर्व मैनेजर गिरफ्तार

झुंझुनूं में 6 करोड़ का गोल्ड लोन घोटाला, PNB का पूर्व मैनेजर गिरफ्तार

Rajashthan news: राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बड़ा बैंकिंग घोटाला सामने आया है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की नवलगढ़ शाखा में करीब 6 करोड़ रुपये से ज्यादा के गोल्ड लोन घोटाले का खुलासा हुआ है। नवलगढ़ पुलिस ने इस मामले में पूर्व शाखा प्रबंधक अमित जांगिड़ और बीसी संचालक संतोष सैनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बैंक में जमा ग्राहकों के असली सोने को निकालकर उसकी जगह नकली आभूषण रख दिए गए थे और उसी सोने पर अलग-अलग बैंकों से गोल्ड लोन उठाया गया।

शेयर मार्केट में नुकसान बना अपराध की जड़

पुलिस के अनुसार, पूर्व बैंक मैनेजर अमित जांगिड़ को शेयर बाजार में करीब 2.5 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ था। इसी नुकसान की भरपाई के लिए उसने बैंक की गोल्ड लोन प्रणाली का गलत इस्तेमाल करना शुरू किया और पूरे घोटाले की योजना बनाई।

Rajashthan news: मथुरा से हुई गिरफ्तारी, आत्महत्या की सोच में था आरोपी

मुख्य आरोपी अमित जांगिड़ को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया। तकनीकी साक्ष्य और खुफिया सूचना के आधार पर उसे पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय आरोपी मानसिक दबाव में था और आत्महत्या करने की बात कर रहा था।

सबूत मिटाने के लिए डकैती की साजिश

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने बैंक में डकैती करवाने की साजिश रची थी, ताकि असली सोने के गायब होने और DVR सिस्टम के सबूत खत्म किए जा सकें। डकैती के लिए 20 लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे। योजना के तहत बैंक से सोना और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सिस्टम गायब किया जाना था।

Rajashthan news: फर्जी खातों से गोल्ड लोन, असली सोना बाहर

घोटाले का तरीका बेहद शातिराना था। संतोष सैनी के परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों के नाम से फर्जी ऑनलाइन खाते खुलवाए गए, बैंक के भीतर ही ओटीपी प्राप्त कर गोल्ड लोन की रकम निकाली गई। असली सोना निकालकर पैकेट में नकली आभूषण रख दिए गए। असली सोना अन्य बैंकों में गिरवी रखकर दोबारा गोल्ड लोन लिया गया। यहां तक कि अमित जांगिड़ की महिला मित्र के नाम से जमा सोने का भी दुरुपयोग किया गया।

अकूत संपत्ति ने खोली पोल

जांच के दौरान आरोपियों की संपत्ति ने भी पुलिस को चौंका दिया। पूर्व मैनेजर अमित जांगिड़ के पास, 2 लग्जरी कारें और 1 बुलेट बाइक, सीकर के पॉश इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान, गांव में 100 से ज्यादा देशी-विदेशी नस्ल की गायों का डेयरी फार्म, 2 पिकअप वाहन, पत्नी के नाम गुढ़ा क्षेत्र में जमीन वहीं, महज 5 हजार रुपये मासिक आय दिखाने वाले बीसी संचालक संतोष सैनी के पास भी कई दुकानें, प्लॉट और मकान पाए गए हैं।

Rajashthan news: ऐसे हुआ घोटाले का खुलासा

28 जनवरी 2026 को शाखा में संयुक्त अभिरक्षा का चार्ज लेते समय उप-प्रबंधक सीमा महला ने गोल्ड सेफ की जांच की। इस दौरान कई पैकेटों से छेड़छाड़ और नकली आभूषण मिले। इसके बाद शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने नवलगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

विशेष टीम ने किया बड़ा खुलासा

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत (RPS) और वृत्ताधिकारी महावीर सिंह (RPS) की निगरानी में विशेष टीम बनाई गई। थानाधिकारी अजय सिंह और डीएसटी प्रभारी सरदारमल के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीसी रिमांड हासिल किया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

Rajashthan news: पुलिस का कहना है कि इस घोटाले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है और अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

 

यह भी पढे़: दिल्ली में शहरी परिवहन सुधार की दिशा में बड़ा कदम, DUMTA और DUTF गठन के लिए विधेयक की तैयारी शुरू