Jamtara Cyber Crime: साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा जिले में अपराधियों ने जिले के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को ठगने का प्रयास किया। अपराधियों ने स्वयं को बैंक से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए ‘योनो एसबीआई’ अनुप्रयोग में तकनीकी समस्या का हवाला देकर संपर्क साधा।
सतर्कता से विफल हुई साजिश
फोन पर बातचीत के दौरान ठगी की मंशा भांपते ही पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष दल का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। त्वरित छापेमारी में कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के लखनुडीह पार्टोल रोड के समीप बांस के झुरमुट से चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
Jamtara Cyber Crime: आरोपियों की पहचान और तरीका
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इब्राहिम अंसारी, हुसैन अंसारी, शाकिर अंसारी उर्फ लालू और सिराज अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये लोग ‘योनो एसबीआई’ अनुप्रयोग चालू कराने या उसमें समस्या दूर करने के नाम पर लोगों से गोपनीय जानकारी लेकर ठगी करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नारायणपुर और कर्माटांड़ क्षेत्रों से सक्रिय यह गिरोह नई तकनीकों के माध्यम से देशभर के खाताधारकों को निशाना बना रहा था।
Jamtara Cyber Crime: बैंक को सूचना, आम जनता को चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित बैंक को भी जानकारी दी जाएगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान फोन कॉल, संदेश, कड़ी या अनुप्रयोग के माध्यम से भेजी गई फाइल को न खोलें और अपनी बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ : मंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली में पीएम मोदी से मिलीं रिवाबा जडेजा, जानें क्या कहा?







