Delhi News: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक संपत्ति विवाद मामले को निपटाने और शिकायतकर्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न करने के बदले मोटी रकम की मांग की थी। गिरफ्तारी 10 फरवरी को जाल बिछाकर की गई।
25 लाख की मांग, 10 लाख लेते पकड़ा गया
सीबीआई के अनुसार, मामला सी.आर. पार्क थाने से जुड़ा है। आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से कुल 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सौदे के तहत 10 लाख रुपये एडवांस के तौर पर स्वीकार करते समय सीबीआई ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। एजेंसी ने उसी दिन मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
Delhi News: कानून के तहत कार्रवाई, जांच जारी
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख का हिस्सा है। गिरफ्तारी पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और आरोपी से पूछताछ जारी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सेवा में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता से शिकायत करने की अपील
सीबीआई ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे तो तुरंत शिकायत करें। लोग सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित एसीबी कार्यालय या दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इससे पहले भी सीबीआई ने बीआईएस के एक वैज्ञानिक को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।







