Pulwama attack: पुलवामा आतंकी हमले को सात वर्ष पूरे हो गए हैं। इस हमले में देश ने अपने 40 बहादुर जवानों को खोया था। बरसी के मौके पर पूरे देश में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। आज पुलवामा अटैक की बरसी है. पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, एस जयशंकर, शिवराज सिंह चौहान, रामदास आठवले, योगी आदित्यनाथ, मल्लिकार्जुन खरगे, शरद पवार ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी.
पीएम मोदी बोले- शहीदों का साहस सदैव प्रेरणा देता रहेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शहीद जवानों को याद करते हुए कहा कि 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों की निष्ठा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा अमिट रहेगी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को उनके अटूट साहस से शक्ति मिलती है।
Pulwama attack: अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ संकल्प दोहराया
अमित शाह ने कहा, ‘पुलवामा आतंकी हमले में शहीद होने वाले हमारे वीर जवानों के शौर्य का स्मरण कर उन्हें नमन करता हूं. आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और भारत इसके समूल नाश के लिए दृढ़ संकल्पित है। आतंकवाद का सामना करने वाले हमारे सुरक्षा बलों व सुरक्षा एजेंसियों के साहस, समर्पण और बलिदान का देश सदैव ऋणी रहेगा.’
शिवराज और रामदास ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि मां भारती के वीर सपूतों का बलिदान आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ने की प्रेरणा देता है। वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि अमर जवानों का बलिदान भारतीय शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।
Pulwama attack: मुख्यमंत्री योगी ने जताया आतंकवाद के खिलाफ संकल्प
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को याद किया. उन्होंने लिखा, “हमारे अमर जवानों का बलिदान भारतीय शौर्य के उस अजेय संकल्प का उद्घोष है, जो हमें आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने हेतु सदैव प्रेरित करता है.’
विपक्षी नेताओं ने भी किया शहीदों को याद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अटल समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा। एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि भारतीय सैनिकों का त्याग और बलिदान देश की सुरक्षा और संप्रभुता की आधारशिला है। पुलवामा में शहीद हुए सभी जवानों को उन्होंने नमन किया।
Pulwama attack: राष्ट्र हमेशा रहेगा शहीदों का ऋणी
पुलवामा हमले की बरसी पर एक बार फिर पूरा देश यह संकल्प दोहरा रहा है कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।
ये भी पढ़े… ICC Men’s T20 World Cup 2026 में आज सुपर संडे: 3 बड़े मैच, न्यूजीलैंड–दक्षिण अफ्रीका की अग्निपरीक्षा!






