Night Eating Habits: बहुत से लोग आधी रात में भूख लगने पर कुछ न कुछ खाने की आदत रखते हैं। हालांकि ऐसा करना पेट तो भर देता है, लेकिन यह सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। यह आदत मोटापा बढ़ाने के साथ नींद और पाचन तंत्र को भी प्रभावित करती है।

नींद पर असर डालती आदत
नेशनल हेल्थ मिशन ने लोगों को सलाह दी है कि रात में सोने से पहले कुछ भी खाने से बचें। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि देर रात या सोने से ठीक पहले खाना या स्नैकिंग करना शरीर के लिए हानिकारक है। रात में शरीर को आराम और रिकवरी की जरूरत होती है, न कि अतिरिक्त कैलोरी।

जब हम सोने के समय के पास खाते हैं, तो शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। खाना ठीक से पच नहीं पाता और कैलोरी के रूप में शरीर में जमा हो जाती है। इससे वजन तेजी से बढ़ता है और मोटापा, डायबिटीज़, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
Night Eating Habits: हेल्दी लाइफस्टाइल से रोकें मोटापा
देर रात स्नैकिंग सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ाती, बल्कि नींद को भी प्रभावित करती है। भारी या मीठा खाना खाने से एसिड रिफ्लक्स, अपच और नींद में खलल पड़ता है। नींद पूरी न होने पर थकान, चिड़चिड़ापन, कमजोर इम्यूनिटी और मानसिक तनाव बढ़ सकता है। लंबे समय तक यह आदत डिप्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को भी न्योता दे सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह:
-
रात का खाना सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले खाएं।
-
रात 8-9 बजे के बाद कुछ भी खाने से बचें। खासकर चिप्स, बिस्किट, चॉकलेट, आइसक्रीम या तला-भुना खाना।
-
अगर बहुत भूख लगे तो हल्का विकल्प जैसे एक गिलास दूध लें।
-
दिन में संतुलित और पौष्टिक भोजन करें, ताकि रात में भूख कम लगे।
-
नियमित व्यायाम और समय पर सोने की आदत डालें।
वजन और स्वास्थ्य को नियंत्रित रखने के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना बेहद जरूरी है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से मोटापे को आसानी से रोका जा सकता है। देर रात भोजन की आदत छोड़ने से पाचन सुधारता है, नींद गहरी होती है और शरीर स्वस्थ और फिट रहता है।






