SIR in states news: चुनाव आयोग ने देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की घोषणा कर दी है। आयोग के सचिव पवन दीवान ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अनुसार दिल्ली और कर्नाटक सहित शेष राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। आयोग ने पिछले वर्ष 24 जून को पूरे देश में विशेष गहन पुनरीक्षण कराने का आदेश जारी किया था।
मतदाता सूची अद्यतन करने की प्रक्रिया
इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, मृत या स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे और नाम तथा पते से जुड़ी त्रुटियों को सुधारा जाएगा। घर-घर जाकर बूथ स्तर अधिकारी मतदाताओं से जानकारी सत्यापित करेंगे और आवश्यक प्रपत्र भरवाएंगे।
SIR in states news: पहले चरण में बिहार, दूसरे चरण में कई राज्य शामिल
विशेष गहन पुनरीक्षण का पहला चरण बिहार में पूरा किया जा चुका है, जहां अंतिम सूची में 7.42 करोड़ मतदाता शामिल किए गए। दूसरे चरण के तहत 28 अक्टूबर 2025 से 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रक्रिया जारी है।
SIR in states news: मतदाताओं को क्या करना होगा
पुनरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा दिए गए प्रपत्र में मतदाताओं को अपनी जानकारी की पुष्टि करनी होगी। यदि किसी व्यक्ति का नाम दो स्थानों पर दर्ज है तो एक स्थान से हटवाना होगा। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर नाम जुड़वा सकेंगे।
मान्य दस्तावेज और उद्देश्य
इस प्रक्रिया के लिए पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेज मान्य होंगे। चुनाव आयोग के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना, अयोग्य नामों को हटाना और सभी पात्र नागरिकों को मतदान सूची में शामिल करना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बन सके।
यह भी पढे़ : अंबाला में किसानों और पुलिस के बीच झड़प, रिंग रोड निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद






