Home » मनोरंजन » एक बार फिर विवादों में घिरे मासूम शर्मा? बोले- ‘MLA हो या मंत्री, हम किसी को कुछ नहीं समझते’,वीडियो वायरल

एक बार फिर विवादों में घिरे मासूम शर्मा? बोले- ‘MLA हो या मंत्री, हम किसी को कुछ नहीं समझते’,वीडियो वायरल

Haryanvi singer Masoom Sharma

Masoom Sharma: जींद शहर के सफीदों रोड स्थित दीप पैलेस में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के लाइव शो में बुधवार रात विवाद हो गया। स्टेज पर मौजूद गांव मुआना के पूर्व सरपंच और उनके समर्थकों को नीचे उतरने को कहने पर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

25वीं सालगिरह पर रखा गया था कार्यक्रम

दरअसल, 18 फरवरी को सिंगर की बहन कविता शर्मा और बहनोई धर्मबीर उर्फ धरमू की शादी की 25वीं सालगिरह (सिल्वर जुबली) के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। धर्मबीर यूट्यूबर हैं और ‘धरमू’ नाम से जाने जाते हैं। कार्यक्रम में परिवार, रिश्तेदारों और गांव मुआना के करीबी लोगों समेत करीब 400 मेहमान मौजूद थे। शहर के विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा को भी आमंत्रित किया गया था, हालांकि विवाद के समय वे कार्यक्रम से जा चुके थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे जब मासूम शर्मा स्टेज पर परफॉर्म करने पहुंचे तो उन्होंने स्टेज पर बैठे कुछ लोगों से नीचे उतरने को कहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे गाने के प्रोग्राम के बीच में कोई सरपंच हो, एमएलए हो या मंत्री, मैं किसी को कुछ नहीं मानता। मेरा परफॉर्मेंस है, नीचे बैठकर देखो। बताया जा रहा है कि पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा स्टेज पर बैठे थे और वे नीचे उतरने लगे थे। इसी बीच कुछ युवकों की टिप्पणी से माहौल गरमा गया और विवाद बढ़ गया। इसके बाद मासूम शर्मा ने अपना गाना ‘बोल तेरे मीठे-मीठे बोल, बात तेरी साच्ची लागै सै’ शुरू कर दिया, लेकिन हंगामा शांत नहीं हुआ।

Masoom Sharma: एक घंटे में ही बंद करना पड़ा शो

विवाद के दौरान कुछ युवाओं और बाउंसरों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए शो को बीच में ही बंद करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मासूम शर्मा ने केवल एक ही गाना गाया था और पूरा कार्यक्रम करीब एक घंटे ही चल पाया।

वहीं इस मामले में मासूम शर्मा के जीजा धर्मबीर उर्फ धरमू ने बताया कि कुछ युवकों ने गलतफहमी पैदा कर पूर्व सरपंच को उकसा दिया था। उनके मुताबिक, पूर्व सरपंच नीचे उतर रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने बात को गलत तरीके से पेश किया, जिससे वे भावुक हो गए। बाद में परिवार और समझदार लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

ये भी पढ़े… विधानसभा में गूंजा धनौरा का मुद्दा, विधायक का बड़ा दावा, जल्द मिलेगा विकास की रफ्तार को पंख