Hemant Katare istifa: भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक एवं मध्य प्रदेश विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे पत्र में पारिवारिक और क्षेत्रीय जिम्मेदारियों को अधिक समय देने की आवश्यकता बताते हुए पद छोड़ने की बात कही है। उनके इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
परिवार और क्षेत्र को समय न दे पाने का दिया कारण
इस्तीफा पत्र में हेमंत कटारे ने लिखा कि उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारियों के कारण वे अपने परिवार और अटेर क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन जिसे भी यह जिम्मेदारी देगा, वे उसका पूर्ण सहयोग करेंगे।
Hemant Katare istifa: मैरिज एनिवर्सरी के दिन अचानक लिया फैसला
बताया जा रहा है कि अपनी मैरिज एनिवर्सरी के दिन कटारे शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल रहे। इसके बाद वे अचानक सदन से बाहर निकल गए। तब से उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताया जा रहा है। वे भोपाल में हैं या अटेर रवाना हो चुके हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
Hemant Katare istifa: 2023 चुनाव में 20 हजार से अधिक वोटों से दर्ज की थी जीत
विधानसभा चुनाव 2023 में हेमंत कटारे ने भाजपा के पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को 20,228 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के पुत्र हैं। कटारे पहली बार 2013 में विधायक बने थे, जबकि 2018 का चुनाव उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
रेप केस जांच और ईओडब्ल्यू FIR से बढ़ा राजनीतिक दबाव
इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने हेमंत कटारे के खिलाफ दर्ज रेप केस की जांच दोबारा शुरू करने का आदेश दिया है, जिसकी निगरानी भोपाल रेंज के डीआईजी करेंगे। वहीं आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भोपाल के आईएसबीटी प्रोजेक्ट में प्लॉट आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर कटारे, उनकी पत्नी, भाई योगेश कटारे और बहू सहित सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह भी पढे़ : दिल्ली में CM रेखा गुप्ता की सरकार का 1 साल, बदलाव और विकास का सफर






