Amroha News: अमरोहा जनपद के नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। गांव में सड़क, नाली और जल निकासी व्यवस्था को लेकर ग्राम प्रधान और कुछ दबंगों के खिलाफ ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं और मनमाने तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं।
किसानों की फसलों को नुकसान
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जहां जल निकासी की आवश्यकता नहीं है, वहां गलियों में पानी भरवा दिया गया है, जबकि कई ऐसे स्थान हैं जहां सड़कों की हालत बेहद खराब है और नालियों का अभाव है। समय पर साफ-सफाई और रखरखाव न होने के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या के चलते आसपास के खेतों में भी पानी भर रहा है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। खासतौर पर बरसात और सिंचाई के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। खेतों में लगातार पानी भरे रहने से फसल सड़ने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से समस्या को लेकर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों की अनदेखी से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि गांव में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, सड़कों और नालियों की नियमित सफाई कराई जाए तथा विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल, इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ग्रामीणों की बढ़ती नाराजगी को देखते हुए अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट-मौ. अज़ीम







