Bael Fruit Benefits: मार्च का महीना शुरू होने में अभी थोड़ा समय बाकी है, लेकिन दोपहर के वक्त से ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। जैसे-जैसे मार्च आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे तापमान और बढ़ेगा। गर्मियों में शरीर में वात और पित्त का संतुलन बिगड़ने लगता है, जिससे लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते हैं। ऐसे में बहुत कम लोग जानते हैं कि भगवान शिव को चढ़ाया जाने वाला बेल फल न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है।

अध्यात्म और आयुर्वेद का प्रतीक बेल
भारतीय संस्कृति में बेल को सिर्फ एक फल या पेड़ नहीं माना गया है। यह अध्यात्म और आयुर्वेद दोनों से जुड़ा हुआ है। हजारों सालों से बेल का इस्तेमाल शरीर को ठंडक देने और पाचन सुधारने के लिए किया जाता रहा है। आयुर्वेदिक ग्रंथों में बेल को पाचन को तेज करने वाला, आंतों को मजबूत करने वाला और शरीर को ताकत देने वाला बताया गया है। बेल का फल ही नहीं, बल्कि इसके पत्ते, छाल और जड़ भी उपयोगी माने जाते हैं, जिनका सही उपयोग चिकित्सक की सलाह से किया जाना चाहिए।

Bael Fruit Benefits: सूजन और पाचन में बेल से राहत
अगर शरीर में किसी भी तरह की सूजन है, तो बेल का रस उसमें राहत पहुंचा सकता है। बेल में मौजूद प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल तत्व सूजन को कम करने में मदद करते हैं। इसके अलावा जिन लोगों को कब्ज, पेट में जलन या अल्सर की समस्या रहती है, उनके लिए भी बेल का सेवन फायदेमंद हो सकता है। बेल आंतों को साफ करने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। जिन लोगों को बेल का रस पीना पसंद नहीं है, वे बाजार में मिलने वाला बेल का चूर्ण भी ले सकते हैं, जिससे कब्ज और दस्त जैसी समस्याओं में आराम मिल सकता है।

रक्त शर्करा संतुलन और सही सेवन विधि
बेल ब्लड शुगर को संतुलित रखने में भी सहायक माना जाता है। बेल के पत्तों से तैयार अर्क शरीर में ग्लूकोज के स्तर और मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करता है, जिससे शुगर बढ़ने की संभावना कम होती है। हालांकि, बेल के पत्तों के अर्क का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बहुत जरूरी है।
बेल का रस बनाने के लिए बेल के गूदे को पानी में हाथों से अच्छी तरह मसलें, फिर उसे छान लें और स्वाद के अनुसार मिश्री मिलाकर पी सकते हैं। बेल का रस सुबह और शाम दोनों समय लिया जा सकता है। वहीं, शुगर के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को बेल का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
ये भी पढ़ें…गुनगुना पानी: पूरे दिन गुनगुना पानी पीना सही है या नहीं? जानें विशेषज्ञ की राय






