Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब पूरी तरह मिशन मोड में नजर आ रही है। ममता सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के बाद अब पार्टी संकल्प पत्र के जरिए अपना विकास रोडमैप जनता के सामने रखने की तैयारी में है।
अगले हफ्ते जारी हो सकता है संकल्प पत्र
सूत्रों के मुताबिक BJP अगले हफ्ते अपना घोषणापत्र जारी कर सकती है। इसमें खास फोकस युवाओं, महिलाओं और राज्य सरकार के कर्मचारियों पर रहने वाला है। पार्टी चुनावी रणनीति को और धार देने के लिए इन वर्गों को साधने की तैयारी कर रही है।
Bengal Election 2026: सरकारी कर्मचारियों पर बड़ा दांव
भाजपा की रणनीति में राज्य के सरकारी कर्मचारी अहम भूमिका निभा सकते हैं। लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ता (DA) का मुद्दा घोषणापत्र का प्रमुख हिस्सा हो सकता है। बताया जा रहा है कि पार्टी सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर 7वें वेतन आयोग को लागू करने और डीए बकाया देने का वादा कर सकती है।
DA अंतर बना बड़ा मुद्दा
वर्तमान में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को जहां लगभग 56% डीए मिल रहा है, वहीं राज्य सरकार के कर्मचारियों को करीब 22% डीए मिल रहा है। इस अंतर को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट भी इस मामले में दखल दे चुका है और राज्य सरकार से बकाया भुगतान पर रोडमैप मांगा था।
Bengal Election 2026: युवाओं के लिए रोजगार का वादा
भाजपा बेरोजगार युवाओं को साधने के लिए बड़े ऐलान कर सकती है। खाली पदों को भरने और रोजगार के नए अवसर देने का वादा घोषणापत्र में शामिल हो सकता है। ‘युवा साथी’ जैसे कार्यक्रम के तहत आर्थिक सहायता देने की भी तैयारी बताई जा रही है।
महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान संभव
महिलाओं को लेकर भी पार्टी बड़ी घोषणा कर सकती है। ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी योजना के तहत लाभार्थियों को हर महीने 3,000 रुपये तक की सहायता देने का वादा किया जा सकता है। इससे महिला वोटर्स को आकर्षित करने की कोशिश होगी।
Bengal Election 2026: सिंगूर को बनाया जाएगा इंडस्ट्रियल हब
भाजपा सिंगूर को एक बड़े औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। इसमें इंडस्ट्रियल जोन की स्थापना, निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी सुधारने पर जोर दिया जाएगा।
चुनावी मुकाबला होगा दिलचस्प
पार्टी का लक्ष्य है कि सिंगूर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं और राज्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा दी जाए। इस बार बंगाल चुनाव में भाजपा और टीएमसी के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में संकल्प पत्र भाजपा के लिए एक बड़ा चुनावी हथियार साबित हो सकता है।
ये भी पढ़े… IPL में अर्शदीप का बुरा हाल! एक ओवर में 11 गेंदें, बना डाला अनचाहा रिकॉर्ड







