Bengal News: पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतरिम बजट में महिलाओं, कर्मचारियों और युवाओं को बड़ी राहत दी है। गुरुवार को वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य द्वारा सदन में पेश किए गए वोट-ऑन-अकाउंट बजट में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि में 500 रुपये की बढ़ोतरी और राज्य कर्मचारियों व पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) में चार प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की गई।
‘लक्ष्मी भंडार’ योजना में 500 रुपये की बढ़ोतरी
अंतरिम बजट प्रस्ताव के अनुसार, अब जनरल कैटेगरी की महिलाओं को ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे, जो पहले 1,000 रुपये थे। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को अब 1,700 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे, जो पहले 1,200 रुपये थे। इस योजना के लिए सरकार ने 15,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।
Bengal News: राज्य कर्मचारियों और कर्मियों को राहत
वित्त मंत्री ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके साथ ही सिविक वॉलंटियर्स और ग्रीन पुलिस कर्मियों के मासिक भुगतान में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत ‘शिक्षा बंधुओं’ के मानदेय में भी 1,000 रुपये की वृद्धि की गई।
युवाओं के लिए नई योजना और सातवें वेतन आयोग की घोषणा
अंतरिम बजट में ‘बांग्लार युवा साथी’ नामक नई योजना की घोषणा की गई है। इसके तहत 21 से 40 वर्ष की आयु के सेकेंडरी पास युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये भत्ता देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा राज्य के लिए सातवें वेतन आयोग के गठन की भी घोषणा की गई है। कुल मिलाकर अंतरिम बजट का आकार 4,600 करोड़ रुपये रखा गया है।







