Bengal News: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जलंगी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थाना से महज कुछ दूरी पर खड़ी एक बंद चारपहिया वाहन से मानव कंकाल बरामद हुआ। राज्य सड़क के किनारे लंबे समय से लावारिस हालत में खड़ी इस गाड़ी के भीतर कंकाल मिलने से पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई है।
कई दिनों से लावारिस खड़ी थी गाड़ी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित चारपहिया वाहन कई दिनों से सड़क किनारे खड़ा था। आसपास के लोगों को जब गाड़ी पर संदेह हुआ तो उन्होंने जलंगी थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी की जांच की।
Bengal News: दरवाजा खुलते ही सामने आया भयावह मंजर
पुलिस द्वारा जब गाड़ी का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य बेहद डरावना था। सीट पर एक मानव कंकाल पड़ा हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने तत्काल इलाके को घेराबंदी में ले लिया और जांच शुरू की।
60 से 65 वर्ष के व्यक्ति का हो सकता है कंकाल
प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि कंकाल किसी 60 से 65 वर्ष के व्यक्ति का हो सकता है। हालांकि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Bengal News: थाने के पास कैसे पहुंचा शव, कई सवाल खड़े
सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाना क्षेत्र के इतने करीब यह गाड़ी और शव कैसे पहुंचे, और इतने दिनों तक किसी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। गाड़ी किसकी है, शव वहां कब और कैसे रखा गया इन सभी सवालों को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, हर एंगल से जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गाड़ी के मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। यह मामला हत्या का है या किसी रहस्यमय मौत से जुड़ा है, इस पर फिलहाल स्थिति साफ नहीं हो पाई है।
Bengal News: पुलिस अधिकारी का बयान
इस संबंध में डोमकल महकमा पुलिस अधिकारी शुभम बाजाज ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… मुस्लिम तन, शिव का मन तमन्ना की अनोखी कांवड़ यात्रा






