Betul Toilet Cleaner Gas: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के टेमनी गांव में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। टॉयलेट क्लीनर से निकली जहरीली गैस की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन सदस्य अचेत हो गए। बुजुर्ग पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया, जबकि मां और बेटे को सामान्य वार्ड में उपचार दिया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की स्थिति अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चंदन सुबह अपने घर के शौचालय की सफाई कर रहा था। सफाई के दौरान उसने एसिड युक्त टॉयलेट क्लीनर की बोतल खोलने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि बोतल के भीतर दबाव बनने के कारण ढक्कन अचानक तेज झटके के साथ खुल गया। इससे अम्ल बाहर फैल गया और बंद बाथरूम में जहरीली गैस तेजी से फैल गई। गैस के संपर्क में आते ही चंदन को घबराहट, चक्कर और सांस लेने में कठिनाई होने लगी। उनकी आवाज सुनकर पत्नी कला बाई और बेटा लोकेश बाथरूम तक पहुंचे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में तीनों अर्धचेतन अवस्था में पहुंच गए।
Betul Toilet Cleaner Gas: अस्पताल में उपचार, पुलिस जांच शुरू
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बुजुर्ग को हॉस्पिटल में भर्ती किया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर उपचार मिलने से बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल की पुलिस चौकी के जवानों ने तीनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं बोतल में एसिड प्रतिक्रिया या दबाव के कारण दुर्घटना तो नहीं हुई। लोकेश एक ट्रैक्टर एजेंसी में मैकेनिक के रूप में कार्यरत है, जबकि उसके पिता चंदन खेती करते हैं। गांव में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
Betul Toilet Cleaner Gas: आप भी खबर से ले सबक
एसिड युक्त टॉयलेट क्लीनर खोलते समय बोतल को चेहरे से दूर रखें। कई बार अंदर गैस या दबाव बन जाता है, जिससे ढक्कन अचानक खुल सकता है। बोतल को धीरे-धीरे और सावधानी से खोलें। संभव हो तो दस्ताने और मास्क का उपयोग करें। बच्चों और बुजुर्गों को सफाई के दौरान पास न आने दें।
यह भी पढे़ : भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत






