Bharat Milan Egypt: विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने मिस्र के ओबोर शहर में आयोजित सामुदायिक सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने मिस्र के विभिन्न हिस्सों से आए प्रवासी भारतीयों से संवाद किया और भारत–मिस्र के बीच मजबूत जन-जन के संबंधों को रेखांकित किया।
प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि प्रवासी भारतीय न केवल भारत की संस्कृति और मूल्यों के वैश्विक दूत हैं, बल्कि वे भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में प्रवासी समुदाय के योगदान की विशेष रूप से प्रशंसा की।
Bharat Milan Egypt: सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
विदेश राज्य मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,“ओबोर शहर में आयोजित जीवंत सामुदायिक सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत मिलन’ में शामिल होकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। पूरे मिस्र से आए प्रवासी भारतीयों से संवाद किया और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना की। भारत–मिस्र संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय है।”
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कीर्ति वर्धन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत काहिरा स्थित अल होर्रेया पार्क में नीम का पौधा रोपित किया। यह कदम पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और हरित भविष्य के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। उन्होंने इसी पार्क में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि भी अर्पित की।
Bharat Milan Egypt: भारत–मिस्र रणनीतिक साझेदारी पर अहम बैठकें
इससे पहले विदेश राज्य मंत्री ने मिस्र के विदेश मंत्री बदर अब्देलट्टी से मुलाकात कर भारत–मिस्र रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। बातचीत में आगामी भारत–अरब विदेश मंत्रिस्तरीय बैठक, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, प्रौद्योगिकी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा उन्होंने मिस्र की स्थानीय विकास और पर्यावरण मंत्री मनाल अवध से भी मुलाकात की, जहां सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु वित्त, अपशिष्ट प्रबंधन, कृषि और सिंचाई जैसे विषयों पर सहयोग पर चर्चा हुई। विदेश राज्य मंत्री ने अरब लीग के महासचिव अहमद अबुल घीत से भी भेंट कर राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
ये भी पढ़े… योगी आदित्यनाथ को उत्तराखंड की आस्था और परंपरा का उपहार, देवदार की विशेष कुर्सी बनी गोरखनाथ मंदिर की शोभा







