Bharat Taxi launch: भारत की पहली सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग सेवा ‘भारत टैक्सी’ का आज गुरुवार को औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। लॉन्च से पहले अमित शाह ने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ के जरिए टैक्सी चालक न केवल बेहतर कमाई कर पाएंगे, बल्कि इस प्लेटफॉर्म के मालिक भी स्वयं होंगे, जिससे उन्हें सम्मान और सुरक्षा दोनों मिलेगी।
टैक्सी चालक बहन-भाइयों के लिए आज का दिन बेहद अहम
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सहकारिता यह दिखाती है कि किस तरह लोग छोटी-छोटी पूंजी लगाकर मिलकर बड़ी पहल खड़ी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक बहन-भाइयों के लिए आज का दिन बेहद अहम है, क्योंकि सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत नई दिल्ली में होने जा रही है। इस पहल से ड्राइवरों को अधिक मुनाफा मिलेगा और वे सम्मान के साथ इस व्यवस्था का हिस्सा बनेंगे।
Bharat Taxi launch: सहकार से समृद्धि के विजन को मिलेगा विस्तार
सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिक-केंद्रित और समावेशी मोबिलिटी समाधान प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। ‘भारत टैक्सी’ को एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जहां ड्राइवर जिन्हें ‘सारथी’ कहा जाता है स्वामित्व, संचालन और मूल्य निर्माण की प्रक्रिया के केंद्र में होंगे। इसका उद्देश्य ड्राइवरों को शोषणकारी एग्रीगेटर-आधारित मॉडलों से मुक्त कराना है।
शीर्ष सारथियों को सम्मान और बीमा सुरक्षा
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता-आधारित मोबिलिटी इकोसिस्टम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष छह सारथियों को सम्मानित किया जाएगा। अमित शाह इन सारथियों को शेयर प्रमाणपत्र सौंपेंगे, जिससे “सारथी ही मालिक” की अवधारणा को मजबूती मिलेगी। सम्मानित सारथियों को 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और 5 लाख रुपये का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा भी दिया जाएगा, जो ड्राइवरों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति भारत टैक्सी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Bharat Taxi launch: नौ एमओयू पर होंगे हस्ताक्षर
इस अवसर पर संचालन, डिजिटल सशक्तिकरण, सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों के साथ नौ समझौता ज्ञापन (MoU) भी किए जाएंगे।
शून्य कमीशन और सर्ज-फ्री मॉडल
सहकारिता मंत्रालय के मुताबिक, भारत टैक्सी को बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के तहत पंजीकृत किया गया है। इसकी स्थापना 6 जून 2025 को हुई थी। यह प्लेटफॉर्म शून्य कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करता है, जिसमें मुनाफा सीधे ड्राइवरों तक पहुंचता है। इसे विदेशी निवेश-आधारित एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स के एक स्वदेशी विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
Bharat Taxi launch: ड्राइवरों के लिए सामाजिक सुरक्षा पर फोकस
भारत टैक्सी अपने सारथियों को स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा , सेवानिवृत्ति बचत योजनाएं और समर्पित ड्राइवर सहायता प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। दिल्ली में सात प्रमुख स्थानों पर सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म आपातकालीन सहायता, सत्यापित राइड डेटा और बिना किसी बाध्यता के अन्य प्लेटफॉर्म्स पर काम करने की स्वतंत्रता भी देता है।
महिला सशक्तिकरण और बढ़ता नेटवर्क
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘बाइक दीदी’ जैसी पहल शुरू की गई है, जिसके तहत अब तक 150 से अधिक महिलाएं भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं। अपनी स्थापना के बाद से भारत टैक्सी दुनिया का सबसे बड़ा सहकारिता-आधारित और ड्राइवर-स्वामित्व वाला राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। अब तक लगभग 4 लाख ड्राइवर इससे जुड़ चुके हैं, जबकि 10 लाख से अधिक यूजर्स पंजीकृत हो चुके हैं। करीब 10 करोड़ रुपये की राशि सीधे ड्राइवरों में वितरित की जा चुकी है।
ये भी पढ़े… UP में SIR पर बड़ा फैसला, आखिरी 2 दिन पहले ही 403 सीटों पर लागू होगी व्यवस्था







