BIHAR BJP PRESIDENT: बिहार भारतीय जनता पार्टी को गुरुवार को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। नवनियुक्त अध्यक्ष संजय सरावगी राजधानी पटना स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। मौजूदा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपेंगे।
दोपहर 12:30 बजे संभालेंगे कार्यभार
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संजय सरावगी दोपहर साढ़े 12 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष पद का चार्ज लेंगे। इस मौके पर संगठन के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
BIHAR BJP PRESIDENT: डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गज नेता शामिल
दायित्व ग्रहण समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। पार्टी इसे एक अहम संगठनात्मक कार्यक्रम के रूप में देख रही है। अध्यक्ष पद संभालने से एक दिन पहले संजय सरावगी ने दरभंगा शहर के बड़ा बाजार स्थित प्रसिद्ध बाबा हजारीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि और संगठन की मजबूती के लिए प्रार्थना की।
जनसेवा के मार्ग पर चलने की कामना,भाजपा ने एक्स पर दी जानकारी
पूजा के बाद सरावगी ने कहा कि उन्होंने ईश्वर से यह कामना की है कि उन्हें जनसेवा के पथ पर निरंतर कार्य करने की शक्ति और विवेक मिले, ताकि संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। बिहार भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 18 दिसंबर को प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व ग्रहण को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पार्टी प्रभारी विनोद तावड़े और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तैयारियों का जायजा भी लिया।
संगठनात्मक बदलावों के बीच अहम जिम्मेदारी
गौरतलब है कि 15 दिसंबर को भाजपा ने संजय सरावगी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। वे दरभंगा सदर से छह बार के विधायक हैं और वैश्य समाज के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। संजय सरावगी की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भाजपा देश और राज्य स्तर पर बड़े संगठनात्मक बदलाव कर रही है। पार्टी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के जरिए उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई थी।
हालिया बदलावों में दूसरा बड़ा फैसला
इससे पहले 14 दिसंबर को भाजपा ने बांकीपुर विधायक और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष नियुक्त किया था, जिससे संकेत मिलता है कि संगठन में व्यापक फेरबदल की प्रक्रिया जारी है।
ये भी खबरें पढ़े… राजस्थान में वोटर लिस्ट से 41.85 लाख नाम हटे, कांग्रेस ने लगाए आरोप






