Bihar News: जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान प्रसूता महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। घटना बस सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल की बताई जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
रेफर के बाद निजी अस्पताल में भर्ती
परिजनों के अनुसार महिला पूरी तरह स्वस्थ थी और प्रसव के लिए इलाज कराने आई थी। पहले उसे मखदुमपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप है कि सदर अस्पताल में भर्ती प्रक्रिया में काफी देर हुई और बाद में अस्पताल कर्मियों ने बताया कि रात में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके बाद मरीज को पटना या गया ले जाने की सलाह दी गई।
परिजनों का कहना है कि इसी दौरान कुछ कर्मचारियों ने जल्द ऑपरेशन की जरूरत बताते हुए उन्हें एक निजी क्लीनिक ले जाने की सलाह दी। इसके बाद महिला को बस सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
Bihar News: भर्ती के आधे घंटे बाद बिगड़ी हालत
परिजनों के मुताबिक, भर्ती के लगभग आधे घंटे तक महिला अपने परिजनों से बातचीत करती रही और उसका अल्ट्रासाउंड भी कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान ही उसकी और गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज से संबंधित कागजात अपने पास रख लिए और उन्हें उपलब्ध नहीं कराया। जब उन्होंने डॉक्टरों से मौत के कारण के बारे में पूछा तो अस्पताल प्रशासन ने पहले ही पुलिस को सूचना दे दी। परिजनों का यह भी कहना है कि इलाज के नाम पर उनसे करीब 20 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें 10 हजार रुपये जमा भी कराए गए थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। रिपोर्टर द्वारा अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल में कोई जिम्मेदार पदाधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिससे अस्पताल का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ सका है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सिविल सर्जन और जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है।
Report By: बरुण कुमार
ये भी पढ़े… हरिद्वार से गंगाजल लेकर बुर्के में कांवड़ लाई मुस्लिम महिला, संभल तक की अनोखी यात्रा






