Bihar News: जहानाबाद के पतियामा गांव में हाल ही में हुई हृदयविदारक घटना के बाद जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। सांसद ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली और इस दौरान भावुक हो उठे। इस दौरान सांसद ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जहानाबाद जिले के लिए मर्माहत करने वाली है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसमें शामिल दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं घटना
डॉ. यादव ने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। अब जब सच्चाई सामने आ चुकी है, सरकार और प्रशासन का दायित्व बनता है कि इस जघन्य कृत्य में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को चिन्हित कर कानून के कठघरे में लाया जाए। सांसद ने स्पष्ट किया कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह दावा करते हैं कि 2005 से पहले महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, लेकिन आज हालात यह हैं कि महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं।
दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार कहती है कि न तो किसी को फंसाया जाता है और न ही बचाया जाता है, तो अब तक दोषियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। सांसद ने सरकार से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे नारों पर पुनर्विचार किया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक घटना की क्षतिपूर्ति संभव नहीं है, लेकिन न्याय के रूप में सरकार को पीड़िता के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करनी चाहिए।
अंत में सांसद ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो वे राजनीति छोड़कर खेती-बाड़ी में लग जाएंगे। सांसद के इस आश्वासन से पीड़ित परिवार को कुछ ढांढस बंधा है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
Report BY: बरुण कुमार
ये भी पढ़े… बदायूं में मासूम की पिटाई पर SSP का कड़ा एक्शन, सिपाही निलंबित, बस इतनी सी बात पर खो दिया था आपा…







