BJP Mahayuti win: महाराष्ट्र की नगर पंचायतों और नगर परिषदों के चुनाव में महायुति को मिली बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सांसद अनिल बलूनी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी वरिष्ठ नेताओं ने इस सफलता के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम ने जताया महाराष्ट्र की जनता का आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि यह परिणाम जन-केंद्रित विकास के हमारे दृष्टिकोण में जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा और संकल्प के साथ काम करती रहेगी।
BJP Mahayuti win: सरकार की नीतियों पर जनता का भरोसा : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महायुति की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, एनडीए के सदस्यों और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अटूट समर्थन का प्रतीक है।
फडणवीस ने बताया ऐतिहासिक जनादेश
भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि यह अभूतपूर्व जनसमर्थन एनडीए सरकारों द्वारा समाज के हर वर्ग के उत्थान और समावेशी विकास के लिए किए जा रहे कार्यों में जनता के गहरे विश्वास को दर्शाता है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में भाजपा के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के पिछले 20–25 वर्षों के इतिहास में यह जीत अभूतपूर्व है।
ये भी पढ़ें…नितिन नबीन के पटना आगमन पर भाजपा में उत्साह, बिहार भाजपा ने कीं भव्य स्वागत की तैयारियां तेज







