bjp meeting: भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुई अहम बैठक
इस समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के भाजपा अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री मौजूद रहे। बैठक को नितिन नवीन और जेपी नड्डा ने संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया।
bjp meeting: पश्चिम बंगाल और असम पर विशेष फोकस
बैठक में प्रदेश प्रभारियों ने चुनावी हालात पर रिपोर्ट प्रस्तुत की। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का विश्वास जताया, जबकि असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनने की संभावना पर जोर दिया गया। तमिलनाडु में भाजपा गठबंधन की सरकार, पुदुच्चेरी में गठबंधन की वापसी और केरल में बेहतर प्रदर्शन को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए गए।
बूथ और मंडल स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों से बूथ और मंडल इकाइयों को और अधिक सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर बूथ और हर मंडल को मजबूत करना ही चुनावी सफलता की कुंजी है। इसके साथ ही युवा और महिला मतदाताओं से जुड़ाव बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
bjp meeting: विपक्ष के आरोपों का जवाब और ‘मन की बात’ पर चर्चा
बैठक में कांग्रेस द्वारा ‘विकसित भारत’ और ‘जी राम जी विकास योजना’ के विरोध का प्रभावी जवाब देने और सरकार की योजनाओं के लाभ घर-घर तक पहुंचाने के अभियान पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
केरल और बेंगलुरु चुनावों के लिए प्रभारी नियुक्त
इसी क्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने केरल विधानसभा और ग्रेटर बेंगलुरु महानगर निगम के आगामी चुनावों के लिए चुनावी नियुक्तियों की घोषणा की। पार्टी महासचिव अरुण सिंह के अनुसार, केरल के लिए राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को सह-चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए पर्यवेक्षक भी तय
ग्रेटर बेंगलुरु महानगर निगम चुनाव के लिए पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि सतीश पुनिया और संजय उपाध्याय को सह-चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए भी विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
ये भी पढ़े… मिशन 2026 की कमान संभालेंगे अमित शाह, असम-बंगाल दौरे से भाजपा की चुनावी रणनीति होगी तेज







