BJP MEETING: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं एसआईआर के राष्ट्रीय प्रभारी तरूण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को ग्वालियर के एक निजी होटल में आयोजित ग्वालियर-चंबल संभागीय बैठक को संबोधित किया। बैठक में एसआईआर (स्पेशल इलेक्टोरल रोल इनिशिएटिव) की प्रगति, महत्व और आगामी चुनावों में इसकी निर्णायक भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
एसआईआर लोकतंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ : तरूण चुघ
तरूण चुघ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर एक सामान्य, नियमित और संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका पालन हर सरकार को अनिवार्य रूप से करना होता है। उन्होंने कहा कि “एसआईआर लोकतंत्र की मजबूती का सबसे प्रभावी साधन है, इसलिए कार्यकर्ताओं को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ जुटना चाहिए।”
उनके अनुसार लोकतंत्र में हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होना आवश्यक है और यह प्रक्रिया केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। चुघ ने कहा कि बीएलए पूरी चुनावी प्रक्रिया की रीढ़ हैं, जिनकी सजगता संगठन को मजबूत बनाती है। उन्होंने निर्देश दिया कि 4 दिसंबर तक वैध मतदाताओं की अद्यतन सूची तैयार कर जमा कर दी जाए।
BJP MEETING: जीत का आधार बनेगा एसआईआर : हेमंत

BJP MEETING: प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि एसआईआर केवल एक दल की प्रक्रिया नहीं, बल्कि 2028 के विधानसभा और आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा की सफलता को सीधे प्रभावित करने वाला सबसे महत्वपूर्ण कारक है।
उन्होंने कहा कि “मध्यप्रदेश की तासीर हमेशा से भाजपा के पक्ष में रही है, परंतु 2028 की निर्णायक जीत के लिए अभी से युद्धस्तर पर काम करने की आवश्यकता है।” खण्डेलवाल के अनुसार मतदाता सूची की एक गलती परिणाम बदल सकती है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हाल के वर्षों में बहुत कम मतों से जीत-हार तय हुई है, वहाँ मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। वर्ष 2003 के बाद हुए परिसीमन के कारण सूची में हुए पुनर्वितरण को भी सही करना जरूरी बताया गया।
BJP MEETING: बूथ मजबूती ही सफलता की नींव : हितानंद
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि मतदाता सूची ही चुनाव का सबसे बड़ा और प्रभावी हथियार है, इसलिए इसे शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में 65 हजार से अधिक बूथ हैं और आगे यह संख्या बढ़ेगी, ऐसे में बूथों को मजबूत करने और एसआईआर को गंभीरता से लागू करने के लिए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने इसे “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान की पहली और सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी बताया।
बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, पूर्व मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, एसआईआर जिला संयोजक, जनप्रतिनिधि और बीएलए-1 बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आभार जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने माना और संचालन जिला महामंत्री विनय जैन ने किया।
https://x.com/tarunchughbjp/status/1990084052154548389?t=KySzHH_xEtwrIX2ArAi9ng&s=19
ये भी पढ़े…. MP NEWS: बिहार चुनाव परिणाम से देश में असहमति : रॉबर्ट वाड्रा का बड़ा बयान







