Delhi Assembly Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। इस संदेश में दावा किया गया है कि विधानसभा परिसर में 16 आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं। धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस तुरंत जांच में जुट गई है और मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।
ईमेल में बम विस्फोट की धमकी
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल में कहा गया है कि दिल्ली विधानसभा के अंदर बम लगाए गए हैं और दोपहर 1:40 बजे विस्फोट करने की योजना बनाई गई है। ईमेल भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का रहने वाला बताया है। उसने लिखा है कि वह और उसके कुछ साथी पहले एक राजनीतिक दल (डीएमके) के समर्थक थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि उनके साथ धोखा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि ईमेल भेजने वालों ने यह भी आरोप लगाया है कि जिन नेताओं का उन्होंने समर्थन किया था, बाद में उन्हीं नेताओं को गिरफ्तार करवा दिया गया। उन्होंने यह भी लिखा कि जब उन्होंने इस मुद्दे को सामने लाने की कोशिश की तो उन्हें न तो मीडिया से मदद मिली और न ही अदालतों से कोई राहत मिली।

Delhi Assembly Bomb Threat: मेट्रो स्टेशन को भी चेतावनी
ईमेल में आगे दावा किया गया है कि उनके पास ज्यादा संसाधन नहीं थे, लेकिन निराशा के कारण उन्होंने दिल्ली विधानसभा को निशाना बनाने का फैसला किया। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि लोगों को वहां से हटा लिया जाए, क्योंकि उनका मकसद संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ईमेल के आखिर में कुछ विवादित और भड़काऊ नारे भी लिखे गए हैं।
गौरतलब है कि दो दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले मंगलवार को भी ईमेल के जरिए दिल्ली विधानसभा और उसके स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को धमकी दी गई थी। उस संदेश में विधानसभा परिसर में बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। इसके साथ ही विधानसभा के पास स्थित विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी ऐसी ही धमकी दी गई थी। ये सभी धमकी भरे ईमेल मंगलवार सुबह भेजे गए थे।
यह भी पढे़ : दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर! करोल बाग में मेट्रो लाइन के नीचे डबल डेकर बस पलटी, 2 की मौत







