Dhurandhar 2 Advance Booking: रणवीर सिंह स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2 द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म 19 मार्च को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत का संकेत दे दिया है।डायरेक्टर आदित्य धर की इस स्पाई थ्रिलर को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू शो रखे गए हैं और इन शो के लिए टिकटों की बिक्री तेजी से हो रही है।
एडवांस बुकिंग में ही करोड़ों की कमाई
फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, 13 मार्च की सुबह तक फिल्म के लिए देशभर में हजारों शो के टिकट बिक चुके हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 9 हजार से ज्यादा शो के लिए लगभग 4.7 लाख टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है। इसी के साथ फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों के करीब 24 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।अगर ब्लॉक सीटों को भी शामिल किया जाए तो फिल्म की एडवांस बुकिंग कलेक्शन लगभग 29 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है। इससे साफ है कि रिलीज के पहले ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है।
Dhurandhar 2 Advance Booking: किन राज्यों में सबसे ज्यादा बुकिंग
फिल्म के लिए सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग महाराष्ट्र में देखने को मिल रही है। इसके बाद दिल्ली और कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों में भी टिकटों की तेज बिक्री हो रही है।
एडवांस बुकिंग कलेक्शन के मामले में प्रमुख राज्यों की स्थिति कुछ इस तरह बताई जा रही है—
- महाराष्ट्र – लगभग 6.45 करोड़
- दिल्ली – करीब 4.75 करोड़
- कर्नाटक – करीब 4.17 करोड़
- गुजरात – लगभग 1.38 करोड़
- तेलंगाना – करीब 1.34 करोड़
इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को देशभर में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
Dhurandhar 2 Advance Booking: पवन कल्याण की फिल्म का रिकॉर्ड खतरे में
फिल्म की मौजूदा बुकिंग स्पीड को देखकर ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि धुरंधर 2 प्रीमियर कमाई के मामले में नया रिकॉर्ड बना सकती है।फिलहाल भारत में सबसे ज्यादा प्रीमियर कलेक्शन का रिकॉर्ड पवन कल्याण की फिल्म OG के नाम बताया जाता है, जिसने करीब 25 करोड़ रुपये का प्रीमियर कलेक्शन किया था।माना जा रहा है कि अगर इसी रफ्तार से टिकट बिकते रहे तो ‘धुरंधर 2’ इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 30 करोड़ से ज्यादा की प्रीमियर कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन सकती है।
कब और कहां देख सकते हैं प्रीव्यू शो
फिल्म के प्रीव्यू शो 18 मार्च को कई सिनेमाघरों में आयोजित किए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन शो की शुरुआत ज्यादातर थिएटरों में शाम 4 से 5 बजे के बीच हो सकती है।
फैंस इन प्रीव्यू शो के टिकट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे बुक माय शो और अन्य टिकटिंग ऐप्स के जरिए बुक कर सकते हैं। भारी मांग को देखते हुए कई थिएटर अतिरिक्त शो भी जोड़ रहे हैं।
Dhurandhar 2 Advance Booking: सीक्वल से दर्शकों को बड़ी उम्मीद
‘धुरंधर’ का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल रहा था और इसने दुनियाभर में शानदार कमाई की थी। इसी सफलता के बाद अब इसका सीक्वल दर्शकों के सामने आ रहा है।
इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर ने भी दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।
ये भी पढ़े: गैस की किल्लत में कौन-सा इंडक्शन चूल्हा है बेहतर विकल्प? जानें दोनों के फायदे और अंतर







