Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि ईरान उनसे बातचीत करना चाहता था, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया कि “अब बहुत देर हो चुकी है।” ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ’ पर एक संक्षिप्त पोस्ट के जरिए यह बयान दिया।
“ईरान की लीडरशिप खत्म”
अमेरिकी मीडिया पोस्ट के एक लेख को टैग करते हुए ट्रंप ने लिखा कि ईरान की सेना और नेतृत्व “खत्म” हो चुके हैं और अब बातचीत के लिए बहुत देर हो चुकी है। उन्होंने कहा, “उनका एयर डिफेंस, एयर फोर्स, नेवी और लीडरशिप खत्म हो चुकी है। वे बात करना चाहते हैं। मैंने कहा बहुत देर हो चुकी है!” यह टिप्पणी उस संपादकीय के जवाब में आई, जिसमें ईरान पर हमले के उनके फैसले की सराहना की गई थी।
Donald Trump: ईरान का इनकार
हालांकि, ईरान ने ट्रंप के दावों को सिरे से खारिज किया है। ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने स्पष्ट किया कि अमेरिका के साथ किसी भी तरह की शांति वार्ता नहीं चल रही है। स्थानीय मीडिया एजेंसी ‘तस्नीम’ के अनुसार लारीजानी ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ बातचीत नहीं करेगा।
नई रिपोर्ट और बढ़ता भ्रम
इससे पहले अमेरिका मीडिया के अनुसार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दावा किया था कि लारीजानी ने ओमान के जरिए अमेरिका के साथ वार्ता दोबारा शुरू करने की योजना भेजी है। हालांकि, ईरानी पक्ष ने इन खबरों का खंडन किया है। वहीं, ‘अटलांटिक’ मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने दोहराया कि ईरान की नई लीडरशिप उनसे बात करना चाहती है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि “उन्हें यह पहले कर लेना चाहिए था।”
Donald Trump: मध्य-पूर्व में बढ़ता तनाव
28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिकी हवाई हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। ट्रंप ने ईरान की जनता से सरकार गिराने की अपील भी की है, जिससे कूटनीतिक स्थिति और जटिल हो गई है। दोनों देशों के परस्पर विरोधी बयानों के बीच मध्य-पूर्व की स्थिति अनिश्चित बनी हुई है और वैश्विक समुदाय की नजरें अब संभावित अगली कूटनीतिक या सैन्य कार्रवाई पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े… पटना में रंगों में रंगी BJP! नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं संग खेली होली






