EC Press Conference: चुनाव आयोग आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को और पारदर्शी और सरल बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। आयोग ने बताया कि अब चुनाव से जुड़ी लगभग 40 अलग-अलग सेवाओं और एप्लीकेशनों को एक ही मोबाइल ऐप ‘ECI-Next’ में एकीकृत किया गया है।इस ऐप के जरिए मतदाता अपने EPIC कार्ड, पोलिंग स्टेशन की जानकारी, उम्मीदवारों का विवरण, उनके शपथपत्र (एफिडेविट) और नामांकन से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
पोलिंग स्टेशन पर 100 मीटर के दायरे में स्पष्ट जानकारी
आयोग के अनुसार हर पोलिंग स्टेशन के 100 मीटर के दायरे में स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर मतदान केंद्र का नंबर, मतदाताओं का विवरण और सीरियल नंबर जैसी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि मतदाताओं को मतदान केंद्र ढूंढने में कोई परेशानी न हो।
EC Press Conference: हर दो घंटे में साझा होगा मतदान प्रतिशत
चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक पोलिंग स्टेशन के प्रेसाइडिंग ऑफिसर हर दो घंटे में डाले गए वोटों की संख्या साझा करेंगे। यह आंकड़े मीडिया और जनता के साथ साझा किए जाएंगे, जिससे मतदान प्रतिशत की जानकारी समय पर उपलब्ध हो सके
डाक मतपत्रों की पहले होगी गिनती
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि पोस्टल बैलेट की गिनती ईवीएम से पहले दो राउंड में की जाएगी। इससे पूरी मतगणना प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
EC Press Conference: जरूरत पड़ने पर ईवीएम की जांच का भी प्रावधान
चुनाव आयोग ने बताया कि यदि मतगणना के बाद कोई उम्मीदवार निर्धारित शुल्क जमा करता है, तो उसे EVM की जांच कराने का अधिकार दिया जाएगा। यह व्यवस्था चुनाव प्रक्रिया में विश्वास और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए की गई है।
चुनाव कर्मियों को दिए गए पहचान पत्र
आयोग ने कहा कि सभी चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को आधिकारिक पहचान पत्र दिए गए हैं, ताकि मतदाता और स्थानीय लोग उन्हें आसानी से पहचान सकें। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के मानदेय (रिम्यूनरेशन) में भी वृद्धि की गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों से लेकर पुलिस और संचार अधिकारियों तक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए गए हैं। यह प्रशिक्षण भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान के माध्यम से आयोजित किया गया, जो चुनाव प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए काम करता है।
EC Press Conference: राजनीतिक दलों के साथ लगातार संवाद
आयोग ने यह भी बताया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के साथ व्यापक संवाद किया गया है। देशभर में 4700 से अधिक बैठकें जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की गईं, जबकि राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दलों के साथ 28 से अधिक बैठकें की जा चुकी हैं।
पारदर्शी और भरोसेमंद चुनाव कराने पर जोर
चुनाव आयोग ने कहा कि उसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और मतदाताओं के लिए आसान बनाना है। आयोग के अनुसार इन नई व्यवस्थाओं से मतदाताओं का विश्वास और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता और मजबूत होगी।
ये भी पढ़े… दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे सुवेंदु अधिकारी? बोले- पार्टी जो फैसला करेगी, वही मंजूर







