Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में महापुरुषों की मूर्ति स्थल से चोरी की घटना सामने आई है। यह वही स्थान है जिसका उद्घाटन हाल ही में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया था। उद्घाटन के कुछ दिनों बाद ही बेखौफ चोर यहां लगा मुख्य स्टील का गेट चोरी कर ले गया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक युवक मूर्ति स्थल के पास टहलता हुआ आता है। फिर वो वहां लगे स्टील के मुख्य गेट के पेच खोलकर निकलता है और फिर उसे वहां लगी मूर्तियों के पीछे छुपा देता है। जिससे किसी को तुरंत शक ना हो। कुछ देर बाद वह स्टील के इस भरी भरकम गेट को साथ लाये बोरे में भरता है और आराम से वहां से निकल जाता है। पूरी घटना में रिकॉर्ड हो गई।
![]()
सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे तो मूर्ति स्थल का मुख्य द्वार गायब मिला। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास पूछताछ के बाद सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। जिसमें चोरी की पूरी वारदात साफ़ नजर आ रही है। स्थानीय लोगों में क्षेत्र की पुलिसिंग के प्रति काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि जिस मूर्ति स्थल का हाल ही में डिप्टी सीएम ने उद्घाटन किया हो वहां कुछ दिन बाद ही चोरी हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
मामले में एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… वंदे मातरम पर मुस्लिम लीग का भड़काऊ बयान कहा- ‘देश के मुसलमानों को हिन्दू बनाने की तैयारी’






