Goa News: गोवा के नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में आग लगने के मामले के मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों को हिरासत में लिया था।दोनों भाइयों को अब बैंकॉक ले जाया जा रहा है। वहां भारतीय एजेंसियां उन्हें एयरपोर्ट पर अपनी कस्टडी में लेंगी और फिर सुआन फू इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर ले जाया जाएगा। पासपोर्ट रद्द होने के कारण भारतीय दूतावास द्वारा इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। चूंकि थाईलैंड से गोवा के लिए सीधी उड़ान नहीं है, इसलिए पहले दोनों को दिल्ली और फिर गोवा लाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग चार दिन लगने का अनुमान है।
Goa News: आग लगने और फरारी का मामला
6 दिसंबर की रात बर्च नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हुई थी। जांच में सामने आया कि दोनों भाई उसी समय थाईलैंड के लिए उड़ान बुक कर चुके थे।अधिकारियों के मुताबिक, सौरभ और गौरव ने रात 1:17 बजे ऑनलाइन फ्लाइट बुक की और सुबह 5:30 बजे दिल्ली से फुकेट के लिए रवाना हुए।
Goa News: फर्जी कंपनियों से संबंध
मीडिया और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, लूथरा भाइयों का संबंध बर्च क्लब के अलावा 42 अन्य कंपनियों से भी जुड़ा है, जिनमें कई केवल कागजों पर मौजूद हैं। सभी कंपनियां दिल्ली के एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं।कॉर्पोरेट रिकॉर्ड में दोनों भाइयों को इन कंपनियों के डायरेक्टर या पार्टनर के रूप में दिखाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे कंपनियों का इस्तेमाल आमतौर पर मनी लॉन्ड्रिंग या बेनामी लेनदेन में किया जाता है।
Goa News: इंटरपोल नोटिस और जांच
गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय और CBI के माध्यम से इंटरपोल से गिरफ्तारी की अपील की थी। इसके बाद इंटरपोल ने लूथरा भाइयों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया।चूंकि लूथरा भाइयों और उनके कुछ सहयोगी दिल्ली के रहने वाले हैं, इसलिए दिल्ली पुलिस भी इस मामले में गोवा पुलिस के साथ जांच कर रही है। दिल्ली में भी इस मामले में केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़े: वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का निधन, 90 वर्ष की उम्र में लातूर में लिया अंतिम सांस






